रास्ते के विवाद में दलित शिक्षक की हत्या, करंडा क्षेत्र का मामला

गाजीपुर। रास्ते के विवाद में दलित शिक्षक विजय राम (60) की दबंग भाइयों ने हत्या कर दी। घटना बुधवार की सुबह करीब साढ़े 11 बजे करंडा थाने के लोनेपुर गांव में हुई। दलित विजय राम सबुआ के पूर्व माध्यमिक विद्यालय सबुआ में प्रभारी प्रधानाध्यापक थे।
विजय राम का पड़ोस के ब्राह्मण परिवार से रास्ते का विवाद चल रहा था। तय था कि छठ पर्व के बाद रास्ते में आड़े आ रही अपनी दीवार विजय राम ढाह देंगे लेकिन ब्राह्मण परिवार को सब्र नहीं हुआ और परिवार के दो भाई राम भरोसे पांडेय तथा मनोज पांडेय जबरिया दीवार ढाहने लगे। वह देख विजय राम रोकने गए। तब दोनों भाइयों ने मारपीट कर उन्हें भी ढाह दिया। सिर में संघातक चोटों के कारण विजय राम का मौके पर ही प्राण पखेरू उड़ गए। उसके बाद दोनों भाई वहां से भाग गए।
वृद्ध किसान पोखरे में डूबा
गाजीपुर। मरदह थाने के बरही गांव में वृद्ध गणेश पासवान (66) की दरवाजे के बगल में ही पोखरे में डूब गए। यह वाकया बुधवार को तड़के हुआ। गणेश दरवाजे पर सोए थे। लघुशंका के लिए पोखरे के किनारे गए। उसी बीच असंतुलित होकर पोखरे के गहरे पानी में चले गए। जब तक घटना की जानकारी घरवालों को हुई तब तक बहुत देर हो चुकी थी। गणेश पासवान किसान थे।