ब्रेकिंग न्यूजराजनीति

…तब खुद के सियासी रसूख खातिर प्रभारी मंत्री को गृह ब्लॉक ले गए भाजपा जिलाध्यक्ष!

गाजीपुर (सुजीत सिंह प्रिंस)। एक दिवसीय दौरे पर शनिवार को आए प्रभारी मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ल का मुख्य कार्यक्रम मनिहारी ब्लॉक मुख्यालय का निरीक्षण रहा। प्रशासनिक लिहाज से देखा जाए तो वह निरीक्षण सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा था लेकिन राजनीतिक हलके में उसके कई मतलब निकाले जा रहे हैं।

मनिहारी ब्लॉक भाजपा जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह का गृह ब्लॉक है। उनके धुर विरोधी योगेंद्र सिंह की पत्नी प्रियंका सिंह वहां की निवर्तमान प्रमुख हैं। अब प्रमुख पद अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हो गया है। बावजूद योगेंद्र सिंह अपने बंदे मुन्नी लाल भारती के जरिये प्रमुख की कुर्सी पर कब्जा बरकरार रखने की तैयारी में हैं। बल्कि उनके लोगों का तो दावा है कि योगेंद्र सिंह की जीत पक्की है। कुल 109 बीडीसी सदस्यों में 95 सदस्य उनके पाले में आ चुके हैं। इस दशा में हैरानी नहीं कि मुन्नीलाल भारती निर्विरोध चुन लिए जाएं।

जाहिर है कि योगेंद्र सिंह का अपने गृह ब्लॉक पर फिर कब्जा भाजपा जिलाध्यक्ष के लिए असहज करने वाली स्थिति रहेगी। योगेंद्र सिंह की पत्नी प्रियंका सिंह के प्रमुख रहते प्रशासन स्तर से मनरेगा के तहत जलाशयों के हुए निर्माण कार्यों की गहन जांच-पड़ताल हुई। यहां तक कि एक बार डीडीओ अचानक ब्लॉक मुख्यालय पर पहुंच कर संबंधित पत्रावलियां तक बटोर लाए थे। जांच-पड़ताल में क्या गड़बड़ी मिली। यह तो नहीं मालूम लेकिन यह जरूर रहा कि राजनीतिक हलके में प्रशासन की उस सारी कार्रवाई को भाजपा जिलाध्यक्ष की ‘चुगली’ का नतीजा माना गया और अब जबकि प्रभारी मंत्री ने ब्लॉक मुख्यालय के सभी कक्षों का गहन निरीक्षण किया है तो उसे भी भानुप्रताप सिंह बनाम योगेंद्र सिंह से ही जोड़ा जा रहा है। निरीक्षण में प्रभारी मंत्री के साथ भानुप्रताप सिंह उनके साथ साये की तरह लगे भी रहे।

प्रभारी मंत्री आनन्द स्वरूप शुक्ल ब्लॉक मुख्यालय के निरीक्षण में मनरेगा लेखा कक्ष को खास तौर पर देखे। वहां बेतरतीब बिखरे विद्युत तारों, उपकरणों तथा पसरी गंदगी पर वह एकदम से बिफर गए। कक्ष के तीन कर्मचारियों के नाम बीडीओ से पूछ कर अपनी डायरी में दर्ज कराए। उसी क्रम में प्रभारी मंत्री ने स्वास्थ्य केंद्र, बाल विकास परियोजना कार्यालय का भी निरीक्षण किए। स्वास्थ्य केंद्र की सफाई पर उन्होंने संतोष जताया। बाल विकास परियोजना कार्यालय के गोदाम का ताला खोलवाए। रखी दाल और अन्य पौष्टिक आहार की बोरियों पर छत से पानी टपकते देख बिगड़ गए। सीडीपीओ को लताड़ते हुए सवाल किए कि अगर यह दशा उनके नीजी घर की रहती तो वह क्या करते। प्रभारी अधिकारी की उस लताड़ से सीडीपीओ सकपका गए। उन्होंने सफाई कर्मचारियों से गोदाम की छत की साफाई करवाने को कहे।

प्रभारी मंत्री बीसी सखी एवं स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से उनके काम काज के बारे में जानकारी लिए औरए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस मौके पर प्रभारी मंत्री सीडीओ, एसडीएम, सीओ, बीडीओ सहित ब्लॉक के वरिष्ठ अधिकरियों संग समीक्षा बैठक किए।

फिर भाजपा के मनिहारी प्रथम एवं मनिहारी द्वितीय मंडल के पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ कार्यकर्ताओं संग बैठक कर प्रभारी मंत्री ने उनकी समस्याएं सुनी। कहे कि सरकार समरसता के साथ हर क्षेत्र में सफलता पूर्वक कार्य कर रही है। बैठक में पार्टी के जिला उपाध्यक्ष अखिलेश सिंह, जिला मीडिया प्रभारी शशिकांत शर्मा, मुराहु राजभर, ओंमकार सिंह, जगदीश सिंह, मनीष वर्मा, हनुमान यादव, लहजू कुशवाहा, राजेश सिंह, मन्नु राजभर, शशि प्रकाश सिंह, दुर्गेश सिंह, सरोज भारती, अजय राय, कपूर शर्मा सहित आदि भी थे। अध्यक्षता नीतू जायसवाल एवं संचालन चंद्रकांत सिंह ने किया।

यह भी पढ़ें–बसपाः उमाशंकर जंगीपुर, परवेज जमानियां !

आजकल समाचार’ की खबरों के लिए नोटिफिकेशन एलाऊ करें

Related Articles

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker