सैदपुर में भाजपाइयों पर फिर हमला, दो नामजद

गाजीपुर। विधानसभा चुनाव के नतीजे आने से पहले ही सपा समर्थकों पर सत्ता का सुरूर चढ़ने लगा है। सैदपुर विधानसभा क्षेत्र में शनिवार को भी वह प्रचार में निकले भाजपाजनों को निशाना बनाए। इस मामले में सादात थाने में दो नामजद और 20-25 अज्ञात के विरुद्ध भाजपा के पूर्व उपाध्यक्ष रघुवंश सिंह पप्पू ने एफआईआर दर्ज कराई है।
सैदपुर के भाजपा उम्मीदवार विधायक सुभाष पासी की पत्नी रीना पासी दोपहर में प्रचार अभियान में निकली थीं। उनके साथ जिला पंचायत चेयरमैन सपना सिंह के अलावा पार्टी के और नेता भी थे। वह लोग सादात के गौरा गांव होते हुए इकरा कुड़वां गांव की ओर जा रहे थे। उसी बीच रास्ते में अचानक कुछ सपा समर्थक युवकों ने जबरिया उनकी गाड़ियों को रोकवाया। जिला पंचायत चेयरमैन के सरकारी सुरक्षा कर्मी उन्हें हटाने की कोशिश की लेकिन वह सब गाड़ी के शीशा उतरवाकर विरोधी नारे लगाने लगे। भाजपा नेताओं ने उनके इस अकारण दुर्व्यवहार पर आपत्ति की तो वह गाली गलौज करने लगे और वाहनों पर पथराव शुरू कर दिए। पथराव में भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष रघुवंश सिंह पप्पू की गाड़ी का शीशा टूट गया।
इस मामले में रघुवंश सिंह पप्पू ने सादात थाने में इकरां गांव के विनोद यादव तथा राहुल यादव सहित 20-25 अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। हालांकि एक सवाल पर एसओ सादात ने बताया कि भाजपा नेता ने अपनी तहरीर में यह जिक्र नहीं किया है कि घटना में शामिल युवक सपा समर्थक थे।
इस घटना के पहले शुक्रवार को भी सैदपुर विधायक सुभाष पासी के प्रचार वाहन पर हमला हुआ था। वह वाकया सराय सुल्तान गांव में हुआ था। सपा समर्थक युवकों ने प्रचार वाहन में लगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीर वाली होर्डिंग को तोड़ने की कोशिश की थी। उन सपा समर्थकों का दुस्साहस यह कि उस पूरे घटनाक्रम का वह वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिए। उसे सबूत मानते हुए खानपुर पुलिस एफआईआर दर्ज कर सराय सुल्तान गांव के सोनू यादव, संदीप यादव, सुनील यादव तथा विकास यादव को गिरफ्तार की।
यह भी पढ़ें–अरुण सिंह का हाथ, योगी की मंत्री के साथ