जयंतीदासपुर प्रकरण: दो गिरफ्तार, मौके पर पहुंचे आईजी

गाजीपुर। जंगीपुर विधानसभा क्षेत्र के जयंतीदासपुर (नवापुर) में प्रत्याशी सहित भाजपा समर्थकों संग मारपीट की गूंज ऊपर तक पहुंच गई है। आईजी वाराणसी के सत्यनारायण गुरुवार की शाम मौके पर पहुंच घटनाक्रम की जानकारी ली। इसी बीच पुलिस ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार की है। शेष आठ की तलाश जारी है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में बिरनो थाने के बनकटा गांव का कमलेश यादव तथा मरदह थाने के भोजापुर का दुर्गेश यादव है। गिरफ्तारी के बाद इन्हें पुलिस कोर्ट में पेश की। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। उन पर अन्य धाराओं सहित एससी-एसटी की धारा भी लगाई गई है। घटना में प्रयुक्त बाइक बुलेट भी पुलिस ने बरामद कर ली है।
मालूम हो कि भाजपा प्रत्याशी रामनरेश कुशवाहा अपने कार्यकर्ताओं संग गांव की बिंद बस्ती में बुधवार की शाम आयोजित जनचौपाल में गए थे। उसी बीच बाइकों पर सपा का झंडा लगाए दस युवक पहुंचे और भाजपा प्रत्याशी के अलावा जनचौपाल में शामिल पुरुषों तथा महिलाओं के साथ गाली-गलौज करने लगे। आपत्ति करने पर वह मारपीट पर भी आमादा हो गए। जनचौपाल में शामिल ग्राम प्रधान संतोष कुशवाहा को भी जाति सूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए अपमानित किए। तब किसी तरह गांव के अन्य लोगों बीच बचाव कर मामला शांत कराया। बावजूद सपा समर्थक युवक धमकी देते हुए वहां से चले गए।
उसके बाद भाजपा प्रत्याशी रामनरेश कुशवाहा और उनके साथ के लोग जंगीपुर थाने पर पहुंचे और जनचौपाल में उनके साथ दुर्व्यवहार करने वाले युवकों के विरुद्ध केस दर्ज करने की मांग को लेकर थाना परिसर में ही धरने पर बैठ गए थे। यह सूचना भाजपा के जिला कार्यालय में पहुंचते ही हड़कंप मच गया। संयोग से गाजीपुर आए चुनाव प्रभारी केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बलियान सहित भाजपा जिलाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह, वरिष्ठ नेता कृष्णबिहारी राय, प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री विजय मिश्र, भाजयुमो के पूर्व प्रदेश मंत्री योगेश सिंह वगैरह भी जंगीपुर थाने में पहुंच कर धरने में शामिल हो गए। फिर तो पुलिस महकमें में अफरा- तफरी मच गई। आखिर में भाजपा कार्यकर्ता श्रवण राम की तहरीर पर एफआईआर दर्ज हुई। उसके बाद धरना खत्म हुआ।
मौके पर पहुंचे आईजी वाराणसी के सत्यनारायण ने ग्रामीणों से घटनाक्रम की जानकारी लेने के बाद पूरे गांव का भ्रमण किया और साफ कहा कि घटना के लिए जिम्मेदार किसी भी दशा में बख्शे नहीं जाएंगे।