पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुभासपा में शामिल

गाजीपुर। जखनियां विधानसभा क्षेत्र में बुधवार को सुभासपा को बड़ी कामयाबी मिली। सादात के पूर्व ब्लॉक प्रमुख धर्मदेव यादव पार्टी में शामिल हुए।
जखनियां में अपने प्रत्याशी बेदी राम के समर्थन में चुनावी सभा करने पहुंचे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने धर्मदेव यादव को अपनी पार्टी में शामिल करने के साथ ही विधानसभा क्षेत्र का पार्टी का प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपने का भी एलान किया।
धर्मदेव यादव की जखनियां विधानसभा क्षेत्र में अपनी अलग राजनीतिक पहचान है। वह पहले सपा में रहे हैं और जिला पंचायत के सदस्य भी रह चुके हैं लेकिन तब अगस्त 2017 में जिला पंचायत चेयरमैन के उपचुनाव में वह सपा से बगावत कर मैदान में उतर गए थे। भाजपा ने उन्हें समर्थन दिया था लेकिन सपा की आशा यादव से वह हार गए थे।
बाद में धर्मदेव यादव बसपा में शामिल हो गए थे और जिला पंचायत की जखनियां पंचम सीट से चुनाव लड़े लेकिन बसपा ने उन्हें टिकट नहीं दिया बावजूद वह मौदान में जमे रहे और भाजपा की डॉ. वंदना यादव से उन्हें हार का मुंह देखना पड़ा था।
सुभासपा में शामिल होने के बाद धर्मदेव यादव ने ‘आजकल समाचार’ से बातचीत में दावा किया कि जखनियां विधानसभा सीट से सुभासपा-सपा गठबंधन के उम्मीदवार बेदी राम की शानदार जीत दर्ज होगी। एक सवाल पर श्री यादव ने कहा कि सुभासपा अध्यक्ष ने विधानसभा चुनाव बाद उन्हें पार्टी संगठन में बड़ी जिम्मेदारी देने की भी बात कही है।