ब्रेकिंग न्यूजसांस्कृतिकसाहित्य

डॉ.अशोक द्विवेदी ‘गाजीपुर गौरव’ से सम्मानित

गाजीपुर।  वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. अशोक द्विवेदी को गाजीपुर गौरव की उपाधि से सम्मानित किया गया। साहित्यिक संस्था साहित्य चेतना समाज यह उपाधि हर वर्ष अपने क्षेत्र में विशिष्ट कार्य करने वालों को देती है।

संस्था के शुक्रवार को बंशीबाजार स्थित रायल पैलेस में आयोजित 37वें चेतना महोत्सव में यह सम्मान दिया गया। डॉ. अशोक द्विवेदी प्रतिष्ठित भोजपुरी पत्रिका पाती के संपादक हैं। गाजीपुर के मुहम्मदाबाद तहसील के सुल्तानपुर ग्राम के रहने वाले डॉ. द्विवेदी को अभी हाल ही में भोजपुरी भाषा के लिए किये जा रहे उनके कार्य को दृष्टिगत कर साहित्य अकादमी का भी सम्मान मिला है।

अपने सम्मान से अभिभूत डॉ. द्विवेदी ने कहा कि अपनों के बीच अपनों से मिला सम्मान  सभी सम्मानों से महत्वपूर्ण एवं श्रेष्ठ होता है। उन्होंने कहा कि वह अपने जीवन में जो कुछ भी पाए हैं, उसे अपनी रचनाओं के माध्यम से लौटाए हैं। जीवन-रस के उत्स से रचना बनती है और ऐसी ही रचना श्रेष्ठ होती है।

इस अवसर पर संस्था की सामान्य ज्ञान, गणित, निबंध, चित्रकला एवं विचार- अभिव्यक्ति प्रतियोगिताओं में चयनित प्रतिभागियों को भी स्मृति-चिह्न व प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

महोत्सव के मुख्य अतिथि पूर्व कुलपति प्रो.राममोहन पाठक थे। उन्होंने कहा कि भाषा और साहित्य की शक्ति को समझना पड़ेगा। साहित्य और संस्कृति को छोड़कर बच नहीं सकते, जो समाज साहित्य रचेगा, वही बचेगा। इस दिशा में साहित्य चेतना समाज के प्रयास सराहनीय हैं। महोत्सव में डी ड्रीम्स डांस एकेडमी के बाल कलाकारों ने देशभक्ति गीत पर भावनृत्य प्रस्तुत किया। सेंट जॉंन्स स्कूल की संगीत शिक्षक माया नायर, कुमारी शुभ्रा पांडेय, कुमारी अंशिका सोनी, कुमारी एंजेल चौरसिया ने गीत प्रस्तुत किया। डॉ. अक्षय पांडेय, डॉ, कमलेश राय एवं डॉ. शशि प्रेमदेव ने काव्य-पाठ किया।

महोत्सव की अध्यक्षता डॉ. आनंद कुमार सिंह ने की।    इस अवसर पर नवचंद्र तिवारी, डॉ. श्रीकांत पांडेय, रणजीत सिंह एडवोकेट, हरिनारायण हरीश, आनंद अग्रवाल, डॉ. सानंद सिंह, सौरभ पांडेय, विनोद उपाध्याय, प्रभाकर त्रिपाठी, हर्षित श्रीवास्तव, मनोज सिंह, आशुतोष पांडेय, डॉ.रविनंदन वर्मा आदि उपस्थित थे। संचालन डॉ. ऋचा राय ने किया। अंत में संस्था के संस्थापक अमरनाथ तिवारी अमर ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

यह भी सुनते चलें–भाजपा की जीत का चाणक्य कौन

 ‘आजकल समाचार की खबरों के लिए नोटिफिकेशन एलाऊ करें

Related Articles

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker