सपा गठबंधन का क्लीन स्वीप

गाजीपुर। प्रदेश में भले ही भाजपा की लहर चली हो लेकिन गाजीपुर के लोगों ने सपा गठबंधन को क्लीन स्वीप दे दी है।
सपा गठबंधन के इस बयार में भाजपा उन तीनों सीटों को भी गंवा बैठी है, जिन पर पिछले चुनाव में काबिज हुई थी। भाजपा की जमानियां विधायक सुनीता सिंह अपने प्रतिद्वंद्वी सपा के ओमप्रकाश सिंह से 22 हजार 145 वोट से हार गई हैं। उन्हें कुल 71 हजार 781 वोट ही मिले जबकि ओमप्रकाश सिंह के खाते में 93 हजार 926 वोट गए। बसपा के मोहम्मद युसूफ अली खां 53 हजार 63 वोट पर ही रह गए।
उधर मुहम्मदाबाद में भाजपा विधायक अलका राय को सपा के सुएब अंसारी मन्नू ने 18 हजार 655 वोट से पछाड़ा। मन्नू अंसारी को कुल एक लाख दस हजार 683 वोट पाए। तीसरे स्थान पर बसपा के माधवेंद्र राय रहे। उन्हें 32 हजार 306 वोट मिले। इधर सदर सीट पर योगी सरकार की मंत्री डॉ. संगीता बलवंत करीबी मुकाबले में सपा के जैकिसुन साहू से मात्र एक हजार 692 वोट से पिछड़ गई। साहू के खाते में कुल 92 हजार 472 वोट दर्ज हुए। बसपा के डॉ. राजकुमार सिंह गौतम को 33 हजार 931 वोट के साथ तीसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा।
जहूराबाद सीट गाजीपुर की हॉट सीट मानी जा रही थी। जहां सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने एकतरफा मुकाबले में कुल एक लाख 14 हजार 151 वोट बटोर कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के कालीचरण राजभर को 45 हजार 231 वोट से पराजित किया। तीसरे स्थान पर बसपा की शादाब फातिमा रहीं। उन्हें 52 हजार 885 वोट मिले। जंगीपुर सीट पर सपा विधायक डॉ. वीरेंद्र यादव अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के रामनरेश कुशवाहा को 34 हजार 557 वोट से पीछे छोड़ दिया। कुशवाहा मात्र 67 हजार 534 वोट ही हासिल कर पाए। 47 हजार 548 वोट लेकर बसपा के डॉ. मुकेश सिंह तीसरे स्थान पर पहुंच गए।
गाजीपुर की दोनों सुरक्षित सीटों में सैदपुर में सपा के अंकित भारती ने भाजपा के विधायक सुभाष पासी को 35 हजार 792 वोट से हराया। वह कुल एक लाख आठ हजार 523 वोट अपनी झोली में लाए। तीसरे स्थान पर डॉ. विनोद रहे। उन्हें 44 हजार 867 वोट मिले जबकि जखनियां सीट पर सुभसपा के बेदी राम ने भी शानदार जीत दर्ज कराई। वह भाजपा के रामराज वनवासी को 35 हजार 898 वोट से पीछे छोड़े। उन्हें कुल एक लाख 12 हजार 27 वोट मिला। तीसरे स्थान पर बसपा के विजय कुमार थे, जिनके खाते में 51 हजार 194 वोट गिने गए।
जीते उम्मीदवारों में सबसे कम उम्र के अंकित राम
गाजीपुर। सभी सात विधानसभा सीटों पर विजयश्री प्राप्त करने वाले उम्मीदवारों में सैदपुर के सपा उम्मीदवार अंकित भारती सबसे कम उम्र 25 वर्ष के हैं जबकि सबसे उम्रदराज विजयी उम्मीदवारों में जमानियां के सपा उम्मीदवार ओमप्रकाश सिंह हैं। उनकी उम्र 63 वर्ष है। इनके अलावा जखनियां के सुभासपा उम्मीदवार बेदी राम 62, सदर के सपा उम्मीदवार जैकिशुन साहू 60, जहूराबाद ओमप्रकाश राजभर 55, जंगीपुर सपा उम्मीदवार डॉ. वीरेंद्र यादव 40 और मुहम्मदाबाद से जीत हासिल करने वाले सपा उम्मीदवार सुएब अंसारी मन्नू की उम्र 31 वर्ष है।