सपा विधायक के ‘यार’ की पत्नी को भाजपा का टिकट

गाजीपुर। सपा विधायक डॉ.बीरेंद्र यादव के बेहद करीबी प्रॉपर्टी डीलर राजदेव यादव की नवनिर्वाचित बीडीसी सदस्य पत्नी ममता यादव ने बुधवार को भाजपा का दामन थाम लिया। लगे हाथ भाजपा उन्हें सदर ब्लॉक प्रमुख के लिए अपना उम्मीदवार भी घोषित कर दी।
हालांकि सपाइयों के लिए यह खबर हैरान करने वाली नहीं है। ममता यादव के सियासी किरदार के डायरेक्टर सदर ब्लॉक की पूर्व प्रमुख धरमशीला सिंह के पति शिशुपाल सिंह घूरा हैं और वह इन दिनों भाजपा एमएलसी विशाल सिंह चंचल के गलबहियां बने हुए हैं। तब यह भी लगभग तय है कि एमएलसी की पैरवी पर ही ममता यादव को भाजपा की सदस्यता और सदर ब्लॉक प्रमुख चुनाव में टिकट मिला है लेकिन सपा कार्यकर्ताओं में यह जरूर सवाल उठ रहा है कि यह सब पार्टी विधायक डॉ. बीरेंद्र यादव की सहमति से हुआ है कि अपनी पत्नी ममता यादव को सदर ब्लॉक प्रमुख की कुर्सी पर बैठाने के लिए राजदेव यादव का खुद का फैसला है। उधर सदर ब्लॉक की सियासत पर नजर रखने वाले ममता यादव के उस कदम का नफा-नुकसान भी निकाल रहे हैं। मान रहे हैं कि सदर ब्लॉक की सियासत की करीब एक दशक से दशा-दिशा तय कर रहे शिशुपाल सिंह घूरा के जरिये ममता यादव को अपने पाले में लाकर भाजपा नफे में रहेगी जबकि सपा को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा। ममता यादव का विकल्प शायद ही उसे मिल पाए।
बहरहाल, सदर ब्लॉक की तरह करंडा, जखनियां तथा मनिहारी ब्लॉक में भी ठीक यही गेम भाजपा खेली है। करंडा में शीला यादव, जखनियां इंदू देवी तथा मनिहारी में मुन्नीलाल राम को सदस्यता ग्रहण करा कर प्रमुख का टिकट थमा दी है। इसी तरह कुल 16 में 14 ब्लॉक प्रमुख के लिए भाजपा अपना उम्मीदवार घोषित कर दी है। अन्य दस ब्लॉकों के लिए घोषित उम्मीदवारों में कासिमाबाद मनोज गुप्त, देवकली रागनी देवी, बाराचवर बृजेंद्र सिंह, भदौरा रीना सिंह, भांवरकोल श्रद्धा राय, मरदह सीता सिंह, मुहम्मदाबाद अवधेश राय, रेवतीपुर अजिताभ राय, बिरनो राजन सिंह और सादात ब्लॉक के लिए भंवरी देवी हैं।
इन उम्मीदवारों की घोषणा भाजपा जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह ने छावनी लाइन स्थित कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में की। कार्यक्रम में एमएलसी विशाल सिंह चंचल, पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय, विनोद अग्रवाल, रामनरेश कुशवाहा, ओम प्रकाश राय, अखिलेश सिंह, शशि भूषण सिंह, अच्छे लाल गुप्त, बृजेश सिंह पप्पू, प्रदीप पाठक आदि प्रमुख लोग उपस्थित थे। संचालन जिला महामंत्री प्रवीण सिंह ने किया।
…पर सैदपुर व जमानियां में क्यों नहीं
भाजपा के इन घोषित उम्मीदवारों पर गौर किया जाए तो यह साफ है कि पार्टी लगभग सभी‘जीताऊ’चेहरों पर दांव लगाई है लेकिन शेष दो ब्लॉक जमानियां तथा सैदपुर में पार्टी अपना कोई उम्मीदवार नहीं दी है। जाहिर है कि वहां पार्टी को कोई जीताऊ नहीं मिला जबकि जमानियां ब्लॉक पार्टी विधायक सुनीता सिंह के निर्वाचन क्षेत्र का हिस्सा है और सैदपुर पार्टी एमएलसी विशाल सिंह चंचल का गृह ब्लॉक है। यह भी इत्तेफाक है कि इन दोनों ब्लॉकों में भाजपा की मुख्य प्रतिद्वंद्वी सपा में फ्री फाइट लगभग तय है।