ब्रेकिंग न्यूजराजनीति

…और अब एमएलसी चुनाव की चर्चा शुरू

गाजीपुर। पंचायत चुनाव के बाद अब बारी एमएलसी (स्थानीय निकाय) चुनाव की है। वर्तमान में इस पद को भाजपा के विशाल सिंह चंचल सुशोभित कर रहे हैं। इनका कार्यकाल अगले साल सात मार्च को खत्म हो जाएगा और उम्मीद है कि इससे पहले निर्वाचन आयोग इस पद की चुनावी प्रक्रिया भी पूरी करा लेगा।

मतलब इस साल के आखिर या फिर अगले साल की शुरुआत में यह चुनाव होगा और उसी हिसाब से राजनीतिक दलों में संभावित दावेदारों को लेकर सुगबुगाहट भी शुरू हो गई है।

याद किया जाए तो गाजीपुर में पिछले कई चुनावों से भाजपा और सपा के ही बीच सीधा मुकाबला होता रहा है। 2016 में हुए चुनाव में भी भाजपा विनोद राय को टिकट दी थी लेकिन उन्होंने चुनाव लड़ने से इन्कार कर दिया था जबकि सपा डॉ.सानंद सिंह को मैदान में उतारी थी। तब सपा में रहे विशाल सिंह चंचल टिकट नहीं मिलने पर पार्टी से बगावत कर निर्दल ही चुनाव मैदान में कूद पड़े थे। उम्मीदवार विहीन भाजपाई उन्हें लपक लिए थे। फिर सपा से खार खाए बैठे अंसारी बंधु भी चंचल के साथ हो लिए थे। चंचल के ताऊजी राजदेव सिंह बसपा के तत्कालीन एमएलसी थे। उनके चलते बसपा का भी समर्थन चंचल को मिला था। यही नहीं बल्कि डॉ.सानंद सिंह की उम्मीदवारी से नाखुश सपाई भी पर्दे की आड़ से चंचल की मदद किए थे। ले देकर डॉ.सानंद सिंह के लिए सपा में अकेले तत्कालीन मंत्री ओमप्रकाश सिंह ही मजबूती से खड़े थे।

यानी एक ओर डॉ.सानंद सिंह और दूसरी ओर अन्य सारे लोग। बावजूद डॉ.सानंद सिंह ने कड़ी टक्कर दी और मात्र 65 वोट से पिछड़ गए। निर्वाचित विशाल सिंह चंचल को 1186 और डॉ. सानंद को 1121 वोट मिले थे।

एमएलसी चुने जाने के कुछ ही दिनों बाद विशाल सिंह चंचल भाजपा में शामिल हो गए थे। लगभग तय माना जा रहा है कि इस बार भाजपा चंचल पर ही दांव लगाएगी लेकिन सपा से कौन आएगा। क्या सपा डॉ.सानंद सिंह पर दोबारा बाजी लगाएगी कि पार्टी का कोई और चेहरा होगा। वैसे पूर्व एमएलसी डॉ.कैलाश सिंह के समर्थकों ने सोशल मीडिया के जरिये दावेदारी ठोक दी है। इसी बीच सपा का एक खेमा पूर्व सांसद राधेमोहन सिंह का नाम आगे बढ़ाने में लगा है।

खैर! यह तो सपा का शीर्ष नेतृत्व तय करेगा कि पार्टी का उम्मीदवार कौन होगा लेकिन फिलहाल यह साफ लग रहा है कि इस बार भी चुनाव में सपा का सीधा मुकाबला भाजपा से ही रहेगा।

 यह भी पढ़ें–भाजपा: आत्ममुग्ध नेताओं को खूब धोए ‘बाबा’

आजकल समाचार’ की खबरों के लिए नोटिफिकेशन एलाऊ करें

 

Related Articles

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker