जिला पंचायतः चेयरमैन के लिए दो की दावेदारी सामने आई

गाजीपुर। जिला पंचायत की सीटों के आरक्षण अभी तय नहीं है लेकिन चेयरमैन की कुर्सी को लेकर दावेदारी सामने आने लगी है।
जिले की यह प्रतिष्ठापरक कुर्सी सामान्य महिला के लिए आरक्षित कर दी गई है और इसके साथ ही दो नेत्रियों ने अपनी दावेदारी जता दी है। इनमें पूर्व जिला पंचायत सदस्य पंकज सिंह चंचल की पत्नी सपना सिंह और मौजूदा मनिहारी ब्लाक प्रमुख प्रियंका सिंह पत्नी योगेंद्र सिंह हैं।
`आजकल समाचार` ने इस दावेदारी की पुष्टि के लिए सपना सिंह के पति पंकज सिंह चंचल से फोन पर बात की। उन्होंने साफ कहा कि मौका मिला तो उनकी पत्नी चेयरमैन के लिए चुनाव लड़ेंगी। एक सवाल पर वह बताए कि मनमाफिक मौका मिला तो सपना सिंह जिला पंचायत में पहुंचने के लिए सैदपुर की प्रथम सीट को प्राथमिकता देंगी। यह सीट उनके परिवार की परंपरागत सीट है। 2010 में वह खुद भी उसी सीट से जिला पंचायत में पहुंचे थे।
एक अन्य सवाल पर पंकज सिंह चंचल ने कहा कि सपना सिंह जिला पंचायत सदस्य का चुनाव निर्दल लड़ेंगी। उसके बाद चेयरमैन के चुनाव में जो हालात बनेंगे, उसके मुताबिक वह किसी प्रमुख दल के टिकट पर विचार करेंगी। तब क्या सपना सिंह भाजपा से टिकट मांगेंगी। इस सवाल पर उनका कहना था कि जरूर इस मामले में भाजपा उनके लिए पहली प्राथमिकता होगी।
इधर मनिहारी ब्लाक प्रमुख प्रियंका सिंह के पति योगेंद्र सिंह ने फेसबुक के जरिये जिला पंचायत चेयरमैन की कुर्सी पर अपनी पत्नी की दावेदारी का एलान मंगलवार को कर दिया। इस आशय की अपनी पोस्ट में उन्होंने लिखा-जनपद के बुद्धिजीवियों और माननीय शुभचिंतकों, जनप्रतिनिधियों ने अपनी राय व्यक्त की है कि आप अपनी पत्नी को जिला पंचायत चेयरमैन और खुद मनिहारी ब्लाक प्रमुख पद को सुशोभित करने का प्रयास करें। हालांकि योगेंद्र सिंह ने इसके लिए अपने सभी शुभचिंतकों से राय भी मांगी है। अपनी पोस्ट में योगेंद्र सिंह ने यह पत्ता नहीं खोला है कि उनकी पत्नी जिला पंचायत में किस सीट से और किस पार्टी के टिकट पर लड़ेंगी। वैसे उनके करीबी अंदाजा लगा रहे हैं कि सब कुछ ठीक रहा तो वह मनिहारी ब्लाक की तृतीय सीट से चुनाव लड़ सकती हैं। रही बात पार्टी की तो बसपा या भाजपा। बसपा सांसद अफजाल अंसारी से उनके गहरे सियासी रिश्ते किसी से छिपे नहीं हैं जबकि भाजपा एमएलसी विशाल सिंह चंचल से भी उनकी सियासी गर्मजोशी का एहसास सबको है।
यह भी पढ़ें–पूर्व सांसद बोले क्या
‘आजकल समाचार’ की खबरों के लिए नोटिफिकेशन एलाऊ करें