ब्रेकिंग न्यूजराजनीति

सिद्धपीठ का आर्शीवाद लेकर भाजपा समर्थकों का हौसला बढ़ाए उप मुख्यमंत्री

गाजीपुर। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शुक्रवार को जहां सिद्धपीठ हथियाराम पहुंचकर पीठाधीश्वर भवानीनंदन यतिजी महाराज को प्रसन्न करने का प्रयास किए वहीं जखनियां में जनसभा कर भाजपा समर्थकों का उत्साह बढ़ाने में भी उन्होंने अपनी ओर से कोई कसर नहीं छोड़ी।

उन्हें पता था कि दशहरा पर्व पर आमंत्रण स्वीकार करने के बावजूद उनके सिद्धपीठ न पहुंचने पर पीठाधीश्वर कितने कुपित थे। यही कारण रहा कि उप मुख्यमंत्री स्वंय सिद्धपीठ पहुंचने का कार्यक्रम बनाए थे। वहां पहुंचने के बाद वह बताना नहीं भूले कि दशहरा पर्व पर सिद्धपीठ में आने के लिए वह कितने इच्छुक थे और किन कतिपय कारणों से आ नहीं पाए थे। पीठाधीश्वर का वंदन कर आर्शीवाद प्राप्त किए। पीठाधीश्वर उप मुख्यमंत्री को विधिवत पीठ में स्थित बुढ़िया माई का दर्शन-पूजन कराए। प्रसाद भेंट किए।

उप मुख्यमंत्री के संज्ञान में था कि गाजीपुर में भाजपा का माहौल खराब है। कार्यकर्ता उदासीन, हतोत्साहित हैं। लिहाजा सिद्धपीठ में दर्शन-पूजन के बाद जखनियां बाजार में हुई जनसभा में वह दावा करने से नहीं चुके कि इस बार गाजीपुर की सभी सात सीटों पर भाजपा के कमल का फूल खिलेगा। कार्यकर्ताओं में दम भरते हुए वह बोले-चुनाव में कार्यकर्ताओं को खूब पसीना बहाना होगा। घर-घर जाना होगा। वह विश्वास दिलाते हैं कि गुंडागर्दी करने वाले माफियाओं का अगले चुनाव तक पता नहीं चलेगा।

पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को राजकीय हेलिकॉप्टर से सिद्धपीठ हथियाराम फिर सभास्थल पर उतरना था लेकिन मौसम की खराबी के कारण वह राजकीय विमान से अंधऊ हवाई पट्टी पर उतरे। उसके बाद सड़क मार्ग से सिद्धपीठ तथा सभास्थल पर पहुंचे और वहां से सड़क मार्ग से ही आजमगढ़ चले गए। हवाई पट्टी पर भाजपा जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह और डीएम एमपी सिंह तथा एसपी रामबदन सिंह ने उप मुख्यमंत्री की अगुवानी की। पार्टी नेताओं में जिला पंचायत चेयरमैन सपना सिंह, सहकारिता राज्यमंत्री डॉ.संगीता बलवंत, विधायक अलका राय तथा सुनीता सिंह, डॉ विजय यादव, सरोज कुशवाहा, ओम प्रकाश राय, प्रवीण सिंह, दयाशंकर पांडेय, अवधेश राजभर, अच्छे लाल गुप्त, शशिकांत शर्मा, शैलेश कुमार राम, रूद्र प्रताप सिंह, सुरेश बिंद, साधना राय, योगेश सिंह, डॉ. मुराहू राजभर, रामनरेश कुशवाहा आदि ने बुकी देकर उप मुख्यमंत्री का स्वागत किया। पुलिस के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया।

सिद्धपीठ में उप मुख्यमंत्री की अगुवानी के लिए बृजेंद्र राय, डॉ.संतोष यादव, पारस राय आदि भाजपा नेता मौजूद थे। जनसभा में विधायक सुभाष पासी, प्रभुनाथ चौहान भी थे। संचालन भाजयुमो के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश भारद्वाज ने किया।

योगी नहीं मनोज सिन्हा थे जुबान पर

जनसभा में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की जुबान पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक बार भी नहीं आए। अलबत्ता, मनोज सिन्हा का नाम वह जरूर लिए। बोले- गाजीपुर का विकास करने वाले 2019 के लोकसभा चुनाव में मनोज सिन्हा हार गए और गाजीपुर को बर्बाद करने वाला जीत गया। भाजपा कार्यकर्ताओं को मनोज सिन्हा की उस हार का बदला लेना है। मनोज सिन्हा आज जम्मू कश्मीर मे गाजीपुर का डंका बजा रहे हैं। उप मुख्यमंत्री ने वादा किया कि जखनियां क्षेत्र की सड़कों चमचमाएंगी। जिला मुख्यालय से आते वक्त बदहाल मिली सड़कों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इसके लिए जिम्मेदार सभी लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई होगी।

यह भी पढ़ें—अकेले गाजीपुर में मुख्तार की इतनी संपत्ति जब्त

आजकल समाचार’ की खबरों के लिए नोटिफिकेशन एलाऊ करें

Related Articles

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker