प्रदेश के बदनुमा दाग को हमने धोयाः योगी आदित्यनाथ

गाजीपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ माफिया, गुंडे-मवालियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई को अपनी सरकार की बड़ी उपलब्धि मानते हैं।
सैदपुर के टाउन नेशनल इंटर कॉलेज मैदान में सोमवार की दोपहर जनसभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि साढ़े चार साल पहले तक माफिया, गुंडे-मवालियों के चलते उत्तर प्रदेश के दामन पर गंदे दाग थे। उसके चलते दूसरे प्रदेशों में यहां के लोगों को नौकरी, रोजगार क्या किराये के मकान तक जल्दी नहीं मिलते थे लेकिन अब वह बदनुमे दाग मिट चुके हैं।
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार में माफियागिरी, गुंडागर्दी एकदम बंद हो चुकी है। ऐसे तत्वों के विरुद्ध सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। उनकी ओर से जबरिया कब्जाई गई सरकारी सहित व्यापारियों की संपत्ति वापस ली जा रही है। उनपर बुल्डोजर चलाए जा रहे हैं। ऐसी कार्रवाई खुद गाजीपुर के लोग भी देख रहे हैं।
इस मौके पर अपनी और केंद्र सरकार की ओर से चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाएं और विकास कार्यों की चर्चा करना भी योगी नहीं भूले। अपने 29 मिनट के भाषण में मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित राजकीय मेडिकल कॉलेज का नामकरण महर्षि विश्वामित्र के नाम पर करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री के साथ आए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने भी योगी सरकार के साढ़े चार साल के कार्यकाल की उपलब्धियों की चर्चा की।
मुहम्मदाबाद, कासिमाबाद का नाम बदलने की उठी मांग
गाजीपुर। मुख्यमंत्री की जनसभा में मौजुद बलिया सांसद विरेंद्र सिंह मस्त ने गाजीपुर के तहसील मुख्यालय मुहम्मदाबाद तथा कासिमाबाद का नाम बदलने की मांग की। हालांकि उनके बाद अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने उस संदर्भ में कुछ नहीं कहा। जनसभा में विधायक त्रैय अलका राय, सुनीता सिंह तथा डॉ. संगीता बलवंत के अलावा एमएलसी विशाल सिंह चंचल, जिला पंचायत चेयरमैन सपना सिंह, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष प्रभुनाथ चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य कृष्णबिहारी राय, डीएम एमपी सिंह, सीडीओ श्रीप्रकाश गुप्त आदि भी थे। अंत में प्रभारी मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ल ने आभार जताया।
एक घंटा विलंब से आए योगी
गाजीपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हेलीकॉप्टर सैदपुर में सोमवार की सुबह एक घंटा विलंब से उतरा। पूर्व घोषित कार्यक्रम के मुताबिक 10.55 बजे उन्हें आना था लेकिन करीब 11.55 बजे हेलीकॉप्टर लैंड किया। यह भी दुर्योग ही रहा कि जनसभा के वक्त झमाझम बारिश शुरू हो गई लेकिन वाटरप्रूफ पंडाल की वजह से कोई व्यवधान नहीं पड़ा। सरकारी खुफिया एजेंसी की मानी जाए तो जनसभा में करीब 25 हजार की भीड़ थी।
दो अरब की परियोजनाओं का लोकार्पण, शिलान्यास
गाजीपुर। मुख्यमंत्री ने अपने इस कार्यक्रम के दौरान जिले भर में कुल एक हजार 25 परियोजनाओं का लोकार्पण, शिलान्यास किया। यह परियोजनाएं पूरे 195 करोड़ की रहीं। इनके अलावा मुख्यमंत्री ने कल्याणकारी योजनओं के कुछ चयनित पात्रों को अपने हाथों लाभान्वित भी किया।