वरिष्ठ कवि हरिनारायण हरीश को मिलेगा ‘गाजीपुर गौरव’ का सम्मान

गाजीपुर। संस्था साहित्य चेतना समाज का प्रतिष्ठित सम्मान इस वर्ष वरिष्ठ कवि हरिनारायण हरीश को दिया जाएगा।
रायगंज स्थित संस्था के केंद्रीय कार्यालय में शुक्रवार को हुई बैठक में यह निर्णय हुआ। बताया गया कि हरिनारायण हरीश का जन्म पहली जुलाई 1947 को सैदपुर तहसील के कटघरा गांव में हुआ था। इनके पिता स्व. हरिद्वार सिंह स्वतंत्रता सेनानी थे। वह शिक्षक पद से सेवानिवृत्त हैं। उनके तीन काव्य संग्रह आखिर कब तक, समय आने पर एवं अतीत के आइने में प्रकाशित हैं जबकि नारी संवेदना पर केंद्रित काव्य संग्रह नगर अभी सो रहे हैं तथा गजल संग्रह मुंह चिढ़ाती रोटियां प्रकाशनाधीन हैं। पुस्तक शब्द सारथी का इन्होंने संपादन किया है।
हरिनारायण हरीश की और भी कई रचनाएं विभिन्न प्रतिष्ठित पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुकी हैं। प्रदेश सूचना विभाग के वृतचित्र फिल्म ‘गंगा पुकारे’ की पटकथा एवं गीत भी उन्होंने ही लिखी है। वह और भी कई संस्थाओं से पुरस्कृत, सम्मानित हो चुके हैं।
बैठक में डॉ. रविनंदन वर्मा, संजीव गुप्त, दिग्विजय उपाध्याय, विंध्याचल यादव, हीरा राम गुप्त, राघवेंद्र ओझा, राजीव मिश्र, शशिकांत राय आदि थे। अध्यक्षता संस्था के संस्थापक अमर नाथ तिवारी अमर तथा संचालन संगठन सचिव प्रभाकर त्रिपाठी ने किया।