वर्ल्ड कप से लगायत इंटर यूनिवर्सिटी हॉकी में करमपुर स्टेडियम के स्ट्राइकर्स का जलवा

गाजीपुर। मेघबरन सिंह स्टेडियम करमपुर के खिलाड़ियों ने वर्ल्ड कप से लगायत इंटर यूनिवर्सिटी हॉकी में जलवा दिखा रहे हैं।
उडिसा के कलिंगा स्टेडियम में चल रहे हॉकी के जूनियर वर्ल्ड कप में बुधवार को फ्रांस संग हुए भारतीय टीम के पहले मैच में स्ट्राइकर उत्तम सिंह ने पहला गोल दागा था। हालांकि उस मैच में भारतीय टीम कांटे के मुकाबले में फ्रांस के हाथों 5-4 से पिट गई थी। गुरुवार को भारतीय टीम का दूसरा मैच कनाडा के साथ हुआ। इस मैच में भी उत्तम सिंह ने ही भारतीय टीम का खाता खोला लेकिन मैच के दौरान घायल होने के कारण उन्हें कुछ देर के लिए मैदान छोड़ना पड़ा। फिर वापस आने के बाद उन्होंने अपने खाते में दो गोल दर्ज कराया। इस मैच में भारतीय टीम कनाडा को 13-1 से धो के रख दी। मालूम हो कि उत्तम सिंह मेघबरन सिंह स्टेडियम करमपुर के ही तलाशे और तराशे खिलाड़ी हैं। उनके अलावा इसी स्टेडियम के राहुल राजभर भी भारतीय टीम में शामिल हैं।
उधर अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय बिलासपुर में चल रही पुरुषों की अंतर विश्वविद्यालय हॉकी (पूर्वी क्षेत्र) प्रतियोगिता में भी मेघबरन सिंह स्टेडियम करमपुर के खिलाड़ी पूर्वांचल विश्वविद्यालय की ओर से खेल रहे हैं। गुरुवार को क्वालीफाइंग मैच में पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने एकतरफा मुकाबले में रांची विश्वविद्यालय को 8-4 से पछाड़ा। पूर्वांचल विश्वविद्यालय की ओर से करमपुर स्टेडियम के विजेंद्र सिंह तीन, धर्मेंद्र दो और रोशन, अमित तथा साकिब ने एक-एक गोल किए। इस शानदार प्रदर्शन के बूते पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने पुणे में प्रस्तावित अखिल भारतीय स्तर की अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिता में जगह बना ली है।
अपने स्टेडियम के खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन से गदगद मेघबरन सिंह स्टेडियम करमपुर के संरक्षक पूर्व सांसद राधेमोहन सिंह ने कहा कि यह गाजीपुर के लिए गौरव की बात है। इसमें कोई शक नहीं कि करमपुर अंतरराष्ट्रीय स्तर का हॉकी का हब बन चुका है। इसी साल हुए टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम में करमपुर स्टेडियम के होनहार खिलाड़ी ललित उपाध्याय भी शामिल थे।