ब्रेकिंग न्यूजराजनीति

भाजयुमो की नई कार्यकारिणी घोषित होते ही भाजपा में बवाल

गाजीपुर। भाजयुमो की जिला कार्यकारिणी की बुधवार को घोषणा के साथ ही भाजपा में बवाल मच गया है। आरोप-प्रत्यारोप, गालीगलौज, धमकी, इस्तीफे तक की नौबत आ गई है। आलम यह कि कार्यकारिणी में जिन्हें जगह नहीं मिली है वह आग उगल रहे हैं और जिन्हें जगह मिली है, उनमें कुछ अपने छोटे पद को लेकर असंतुष्ट हैं।

भाजयुमो की जिला कार्यकारिणी की सूची जारी होने के बाद तो भाजपा जिला कार्यालय पर हद ही हो गई थी। कई कार्यकर्ताओं का सब्र का बांध टूट गया था और वह कतिपय भाजपा नेताओं का नाम लेकर कोसने लगे थे। कुछ मुंहफट तो उन नेताओं को अपने शब्दों से नवाजने लगे थे। उनके तेवर देख एक नेताजी तो इतना डर गए थे कि उन्हें खुद को एक कमरे में बंद करना पड़ा था।

असंतुष्ट, नाखुश कार्यकर्ता सोशल मीडिया पर भी जमकर अपनी भड़ास निकाल रहे हैं। उनमें कुछ तो भाषा की मर्यादा तक की परवाह नहीं कर रहे हैं। पिछली कार्यकारिणी में जिला मंत्री रहे सुजीत चौबे ने फेसबुक पर अपनी नाखुशी जाहिर करते हुए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने की घोषणा कर दी है। इसी तरह पिछली कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष रहे आचार्य गोविंद शास्त्री ने फेसबुक पर पोस्ट किया है- शायद अब हमारे जैसे कार्यकताओं की भाजपा को जरूरत नहीं रही।…औरों की तरह त्यागपत्र तो नही दे सकता हूं किंतु भारी मन से यह लिख रहा हूं…। भाजपा के रेवतीपुर मंडल अध्यक्ष अश्वनी कांत राय कुछ ज्यादा ही गरम लगते हैं। वह लगातार फेसबुक पर पोस्ट कर एक स्वजातीय नेताजी पर अपनी नाराजगी जता रहे हैं। अपनी पहली ही पोस्ट में ही उन्होंने मंडल अध्यक्ष से लगायत पार्टी की प्राथमिक सदस्यता तक छोड़ने की घोषणा कर दी। गुरुवार को अपनी आखिरी पोस्ट में वह उस नेताजी का नाम लिए बगैर चेतावनी भरे लहजे में लिखे हैं-‘मुझे जिसकी वजह से पद नहीं मिला है, वह बहुत बड़े पदाधिकारी हैं। विधानसभा चुनाव आने दो मैं तूम्हे दिखा दूंगा। तेरी औकात क्या है और मेरी औकात क्या है’।

इस क्रम में गड़े मुर्दे भी उखाड़े जा रहे हैं। कई को ऩई कार्यकारिणी में चंदन बिंद को उपाध्यक्ष बनाए जाने पर घोर आपत्ति है। श्याम चौधरी ने अपनी पोस्ट में पार्टी के जिला नेतृत्व समूह से सवाल किया है कि जिस शख्स की सोशल मीडिया पर एक जाति विशेष पर की गई अभद्र टिप्पणी के चलते पार्टी को जिला पंचायत सदस्य चुनाव में पार्टी को हार का सामना करना पड़ा, उसे भाजयुमो की जिला कार्यकारिणी में क्यों जगह दी गई।

उधर नई कार्यकारिणी में सोशल मीडिया प्रभारी पद पर रैना मिश्रा की तैनाती को लेकर भी कार्यकर्ता हैरान हैं। उनका कहना है कि पंचायत चुनाव में भाजपा से उनका कोई नाता नहीं था। बल्कि वह भाजपा उम्मीदवार के विरुद्ध निर्दल चुनाव लड़ी थीं। बावजूद उनको कार्यकारिणी में जगह दे दी गई।

…और यह है नई कार्यकारिणी

भाजयुमो की घोषित नई जिला कार्यकारिणी में जिलाध्यक्ष विश्वप्रकाश अकेला के अलावा मानवेंद्र सिंह, चंदन बिंद, हर्षित सिंह, अमरनाथ शर्मा, दिनेश राजभर तथा ऋषभ राय उपाध्यक्ष, अविनाश सिंह व  विवेकानंद राय महामंत्री, अनूप जायसवाल, दिनेश यादव, जितेंद्र उपाध्याय, आशीष श्रीवास्तव, कुमारी प्रीति गुप्ता एवं अंकुर श्रीवास्तव मंत्री, आशुतोष राय कोषाध्यक्ष, अरुण बिंद मीडिया प्रभारी, रैना मिश्रा सोशल मीडिया प्रभारी रंजीत राम कार्यालय प्रभारी और मनोज कुशवाहा, शिवम राय, गौरव श्रीवास्तव, आशुतोष बरनवाल, सुनील सिंह, अरुण राजभर, मुकेश मौर्य, प्रभाकर राय, अमृत चौहान, अभिषेक गुप्त, संदीप राय तथा  सतीश गिरि सदस्य नामित हुए हैं। इस सूची की घोषणा के मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह, भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष रंजीत राय बड़े सहित ओमप्रकाश राय, श्यामराज तिवारी, प्रवीण सिंह, अच्छे लाल गुप्त, शशिकांत शर्मा एवं कार्तिक गुप्त आदि भी उपस्थित थे।

यह भी पढ़ें–भाजपाः गाजीपुर के इन युवा नेताओं को भी तरजीह

आजकल समाचार’ की खबरों के लिए नोटिफिकेशन एलाऊ करें

 

Related Articles

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker