केवली देवी ब्लॉक प्रमुख पद की लेंगी शपथ, मुख्य अतिथि होंगे भाजपा एमएलसी

गाजीपुर। सादात ब्लॉक की नवनिर्वाचित प्रमुख केवली देवी 20 जुलाई की सुबह दस बजे शपथ लेंगी। शपथ समारोह के मुख्य अतिथि भाजपा एमएलसी विशाल सिंह चंचल होंगे।
केवली देवी दूसरी बार ब्लॉक प्रमुख बनी हैं। पहली बार वह वरिष्ठ नेता संतोष यादव के आशीर्वाद से ब्लॉक प्रमुख चुनी गईं थीं लेकिन इस बार उनके राजनीतिक संरक्षक संतोष यादव ने जीत सुनिश्चित करने के लिए सादात के दो और क्षत्रपों पूर्व प्रमुख धर्मदेव यादव तथा कमलेश सिंह हकाड़ू को भी जोड़ लिया। इन तीनों क्षत्रपों का आपस में हाथ मिलाना सादात क्षेत्र के लिए बड़ा सियासी घटनाक्रम था। इसके पहले यह तीनों शख्स उस क्षेत्र के अलग-अलग तीन ध्रुव माने जाते थे। 2019 के लोकसभा चुनाव के वक्त संतोष यादव भाजपा से जुड़ गए थे जबकि धर्मदेव यादव को पिछली पंचायत के चेयरमैन के उपचुनाव में भाजपा अपना उम्मीदवार बनाई थी। रही बात कमलेश सिंह हकाड़ू की तो वह पिछले पंचायत चुनाव में सपा के साथ थे लेकिन अब वह भाजपा एमएलसी विशाल सिंह चंचल के करीबियों में शुमार हैं।
जाहिर है कि इन तीनों दिग्गजों की साझी प्रयोगशाला की केवली देवी पहला परिणाम हैं। इनके बूते भाजपा इलाकाई राजनीति में बड़ी ताकत के रूप में सामने आई है।