भाजपाः गाजीपुर के तीन नेताओं को प्रदेश कमेटियों में जगह

गाजीपुर। भाजपा प्रदेश नेतृत्व ने सोमवार को तीन नेताओं को संगठन में बड़ी जिम्मेदारी सौंपी। इसे विधानसभा चुनाव के लिहाज से संगठन में जातीय संतुलन बैठाने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।
किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री रहे डॉ. विजय यादव को अब कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है जबकि बृजेंद्र सिंह बबलू को किसान मोर्चा का ही प्रदेश मंत्री का दायित्व सौंपा गया है। उधर युवा मोर्चा के पूर्व काशी प्रांत अध्यक्ष राजेश राजभर अभिषेक प्रदेश उपाध्यक्ष बनाए गए हैं।
जहां तक डॉ.विजय यादव की बात है तो यदुवंशी बाहुल्य गाजीपुर में वह भाजपा के ‘दामदार’ चेहरा हैं। बीते दिनों जिला पंचायत चुनाव में उनकी पत्नी डॉ.वंदना यादव पार्टी की प्रबल दावेदार थीं। बल्कि पार्टी उसी अंदाज में जिला पंचायत सदस्य चुनाव अभियान में उन्हें पेश भी की थी लेकिन चेयरमैन चुनाव अभियान के आखिरी वक्त में ऊपर के नताओं के ‘तीन-तिकड़म’ में डॉ. वंदना यादव का पत्ता कट गया था और उनकी जगह सपना सिंह को टिकट मिल गया था। तब उसको लेकर भाजपा के कार्यकर्ताओं में दबी जुबान तीखी प्रतिक्रिया भी हुई थी लेकिन अब किसान मोर्चा का डॉ. विजय यादव को खजांची की जिम्मेदारी सौंप कर पार्टी के प्रदेश नेतृत्व ने अपनी ओर से उसकी भारपाई करने की कोशिश जरूर की है।
जहां तक राजेश राजभर अभिषेक की बात है तो उन्हें पदोन्नति मिली है। जाहिर है कि उनकी यह पदोन्नति विधानसभा चुनाव में राजभर वोटरों को रिझाने में काम आएगी।
उधर वृजनंदन सिंह बबलू को किसान मोर्चा का प्रदेश मंत्री बना कर पार्टी उन्हें संगठन की मुख्यधारा में लाई है। वह पूर्व में पार्टी के शिक्षक प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय कार्यसमिति में सदस्य रह चुके हैं। वह पूर्व-मध्य रेलवे उपभोक्ता सलाहकार समिति के भी सदस्य हैं।