ढाबा कर्मचारियों ने वीडीओ का कर दिया कत्ल, हिरासत में लिए गए मालिक सहित चार

गाजीपुर। अपना जन्मदिन मनाने घर आए ग्राम विकास अधिकारी को ढाबा कर्मचारियों ने मौत के घाट उतार दिया। घटना शहर कोतवाली के लबे हाइवे अतरौलिया के पास बुधवार की रात करीब दस बजे हुई। इस घटना में मृत ग्राम विकास अधिकारी विजय प्रताप यादव (26) का साथी सोम यादव (30) गंभीर रूप से घायल हो गया। इस सिलसिले में विजय के चचेरे भाई मनोज यादव ने चार नामजद और सात अज्ञात के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ढाबा मालिक तथा उसके तीन कर्मचारियों को हिरासत में ली है।
ग्राम विकास अधिकारी विजय प्रताप यादव गोराबाजार के रहने वाले सेवानिवृत्त नायब तहसीलदार महेंद्र यादव के पुत्र थे और जौनपुर के डोभी ब्लॉक के चंदवक में तैनात थे। घायल सोम यादव भी गोराबाजार के ही बताए गए हैं। विजय प्रताप यादव अपना जन्मदिन सेलिब्रेट करने के लिए चंदवक से घर लौटे थे और बड़े भाई श्याम प्रताप यादव तथा दोस्तों के साथ कालिका ढाबे पर पहुंचे थे। उसी बीच किसी बात को लेकर उन लोगों का ढाबा के कर्मचारी से विवाद हो गया। बात आगे बढ़ गई। उसी दौरान कर्मचारियों की सूचना पर ढाबा मालिक दीपक सिंह भी अपने साथियों के तीन चार पहिया वाहनों से मौके पर पहुंचा। फिर उसकी ललकार पर ढाबा कर्मचारी लोहे के राड, सब्जी काटने वाले चाकू, छनौटा वगैरह लेकर विजय प्रताप और उनके भाई व साथियों पर पिल पड़े। संयोग से अन्य तो उनके चंगुल से निकल भागे लेकिन विजय प्रताप तथा सोम यादव चपेटे में रह गए। उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं। इस हमले के बाद ढाबा मालिक सहित सभी हमलावर भाग गए। विजय प्रताप व सोम यादव को जिला अस्पताल से ट्रामा सेंटर रिफर कर दिया गया। जहां विजय प्रताप का दम टूट गया। सोम यादव की हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस कप्तान डॉ. ओमप्रकाश सिंह मौके पर पहुंच कर घटनाक्रम की जानकारी हासिल की। मीडिया कर्मियों को बताए कि मौके पर कोल्ड ड्रिंक की टूटी बोतलें भी मिली हैं।