आंदोलित किसानों के बहाने अंसारी बंधुओं पर तंज कसे सांसद बलिया

बाराचवर/भांवरकोल/गाजीपुर (यशवंत सिंह)। सांसद बलिया वीरेंद्र सिंह मस्त ने अंसारी बंधुओं पर बारिकी से तंज कसा। मौका था बुधवार को किसान कल्याण मिशन के तहत भांवरकोल ब्लाक मुख्यालय पर आयोजित किसान गोष्ठी का।
मस्त ने दिल्ली की सरहद पर धरनारत किसानों की चर्चा करते हुए कहा कि अब 20 हजार लोग बैठ कर यह कह रहें हैं कि कृषि कानून को खत्म किया जाए जबकि वह कानून बकायदा संसद में बना है। उन लोगों की सुनी जाए तो फिर लोकतंत्र का औचित्य क्या रह जाएगा। तब तो हत्या कर कोई पंजाब की जेल में बैठा है और 20 हजार लोग धरने पर बैठ कर यह कहें कि उसे माफ कर दिया जाए। जाहिर था उनका इशारा मऊ विधायक मुख्तार अंसारी की ओर था।
फिर वह सांसद गाजीपुर अफजाल अंसारी पर निशाना साधे। कहे-प्याज की कीमत पर संसद में विपक्षियों ने हंगामा किया था। तब मैंने कहा था कि दिल्ली में भले प्याज 90 रुपये किलो बिक रहा है मगर मेरे संसदीय क्षेत्र की मुहम्मदाबाद मंडी में यह भाव 30-35 रुपये किलो है। उस पर गाजीपुर सांसद ने आपत्ति जताई थी। तब मैंने उनसे कहा था कि आपको कुछ पता नहीं है। आप प्याज नहीं `कुछ और जानते` हैं। बलिया सांसद अपने चिरपरिचित तेवर में थे। दिल्ली में किसानों के धरने को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव का रिहर्सल है। इस क्रम में वह संसदीय मर्यादा भी भूल गए और धरनारत किसानों का साथ दे रहे राजनीतिक लोगों को अपने अंदाज में नवाजे। उस मौके पर विधायक अलका राय भी मंचासीन थीं।
भांवरकोल के बाद सांसद बलिया वीरेंद्र सिंह मस्त बाराचवर रामलीला मैदान में भी किसान कल्याण मिशन के तहत आयोजित कृषि गोष्ठी में पहुंचे। उन्होंने केंद्र सरकार के खूब कसीदे पढ़े। फिर ऑर्गेनिक खेती पर जोर देते हुए कहे कि किसान अपनी उपज से आय दोगुना कर सकते हैं। उनका कहना था कि ग़ाज़ीपुर की धरती से अधिक उपजाऊ जमीन कहीं नहीं है।
किसान गोष्ठी में विशिष्ट अतिथि के रूप मे पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष नरेंद्र नाथ सिंह, भाजपा जिला उपाध्यक्ष पं. श्यामराज तिवारी ने भी संबोधित किया। इस मौके पर बिजली विभाग, कृषि रक्षा, खाद्य-रसद, पशुपालन, आगंनबाड़ी, सिंचाई, राष्ट्रीय ग्रामीण आजिविका मिशन, बैंकों सहित इफ्को के स्टॉल लगे थे। कार्यक्रम में कृषि वैज्ञानिकों, संबंधित अधिकारियों सहित वरिष्ठ भाजपा नेता बृजेंद्र सिंह, मंडल अध्यक्ष देवेंद्र सिंह मुन्ना, ओमप्रकाश कुशवाहा, नथुनी सिंह, कृष्णानंद राय, संपूर्णानंद उपाध्याय, टुनटुन सिंह, हिमांशु राय, देवा सिंह, दीपक उपाध्याय, असगर अली मासूम, हैदर आदि उपस्थित थे। संचालन अरविन्द यादव कमलेश ने किया।
यह भी पढ़ें–…पर पूर्व मंत्री यह क्या बोलीं