समाजवादी पार्टी को उसकी खुद की करनी ले डूबीः शादाब फातिमा

बाराचवर/गाजीपुर (यशवंत सिंह)। प्रदेश सरकार की पूर्व मंत्री और प्रगतिशील समाजवादी पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता शादाब फातिमा समाजवादी पार्टी की सत्ता से बेदखली का कारण उसकी गलत नीतियों को जिम्मेदार मानती हैं।
अतौवली गांव में मगंलवार को ग्राम पंचायत कोटे से 22लाख रुपये से बने शवदाह गृह के लोकार्पण के बाद जनसभा में उन्होंने कहा कि 2012 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी पूर्ण बहुमत लेकर सरकार बनाई थी लेकिन अपनी गलत नीतियों के कारण 2017 के चुनाव में वह विधानसभा में मात्र 45 सीटों पर आकर सीमट गई।
इस मौके पर शादाब फातिमा अपने मंत्रीत्व काल में खुद की सियासी हैसियत का बखान करना भी नहीं भूलीं। बोलीं-तब जिले में प्रदेश सरकार के और तीन मंत्री थे लेकिन उनके विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी का एक भी ब्लाक प्रमुख नहीं चुना गया जबकि उनके जहूराबाद विधानसभा क्षेत्र के सभी तीन ब्लाक प्रमुख पद पर सपा का कब्जा हुआ। हालांकि उस वक्त सपा के ही कुछ लोगों ने प्रमुख पद के उम्मीदवारों के नामों पर विरोध किया था लेकिन आखिर तक उनकी चल नहीं पाई थी और नतीजा समाजवादी पार्टी के ही पक्ष में आया था।
इस मौके पर शादाब फातिमा केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार को भी आड़े हाथ लीं। कहीं-केंद्र सरकार की गलत नीतियों से देश का किसान बर्बाद हो गया। आज देश का किसान दिल्ली की बार्डर पर कड़ाके की ठंड में बैठकर अपनी ऊपज का वाजिब कीमत मांग रहा है लेकिन अफसोस कि किसानों को अन्नदाता कहने वाले प्रधानमंत्री मोदी उन्हें अनसुना कर रहे हैं। दिखावे के लिए मोदी सरकार सम्मान निधि देकर किसानों को सम्मानित कर रही है। अगर इस देश का किसान सम्मानित होता तो सड़कों पर आकर उसे अपनी हक की आवाज बुलंद करने की जरूरत नहीं पड़ती। दरअसल केंद्र की सरकार अडानी, अंबानी की गोद मे खेल रही है। उनके इशारे पर चल रही है। प्रधानमंत्री मन की बात करते हैं लेकिन किसानों के मन की बात उन्हें सुनाई नहीं पड़ रही है। अब तक आंदोलनरत सैकड़ों किसानों की जान चली गई है।
प्रगतिशील समाजवादी पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि उनकी पार्टी किसानों के पक्ष में खड़ी है। पार्टी का न मोदी से विरोध है न योगी से। उन दोनों की सरकार अपनी करनी से जाएगी। जनता उनसे एकदम ऊब चुकी है।
उसके पूर्व शादाब फातिमा ने शिलापट्ट से पर्दा हटाकर नवनिर्मित शवदाह गृह का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि आत्मा अमर है जो इस जग मे आया एक न एक दिन उसको जाना है लेकिन बस उनकी स्मृतियां ही शेष रह जाती हैं। जो अच्छा करेगा उसका जनता हमेशा नाम लेगी। इसी क्रम में वह ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि कौशल सिंह का तारीफ कीं।
समारोह में पूर्व मंत्री का लोगों ने पुष्पाहार भेंट कर स्वागत किया। समारोह में श्रीप्रकाश राय, अमरनाथ यादव, पूर्व प्रधान लालजी यादव, बृजभान सिंह बघेल, जिला पंचायत सदस्य सदरे आलम, रामनिवास यादव, रामबचन सिंह, विश्राम यादव, बृजेश सिंह, विनय सिंह ढूक्कू, अमवा सती धाम के महंथ अजंनीदास, बब्बन सिंह, पूर्व मंत्री प्रतिनिधि असलम हुसैन, सत्यदेव सिंह, अंगद सिंह यादव, सत्येंद्र यादव, दया सिंह, विश्राम सिंह, रविन्द्र सिंह, राजन प्रसाद खरवार, हामिद अंसारी, विरेंद्र खरवार, कृष्णा सिंह, सुधीर, दुखंति राम, हरेराम सिंह यादव, वकील राजभर, झब्बू सिंह आदि पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे। अध्यक्षता हृदयनारायण सिंह तथा संचालन कमलेश यादव ने किया। अंत में ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि कौशल सिंह ने आभार प्रकट किया।
यह भी पढ़ें–ग्राम सेक्रेटरी की कारस्तानी