ब्रेकिंग न्यूजराजनीति

मनिहारी क्षेत्र पंचायत की बैठक में हंगामा

गाजीपुर। मनिहारी क्षेत्र पंचायत में प्रमुख प्रतिनिधि योगेंद्र सिंह का दबदबा लगभग खत्म हो चुका है। इसका अंदाजा गुरुवार को साफ देखने को मिला। यहां तक कि सदस्य और ग्राम प्रधान योगेंद्र सिंह को प्रमुख की कुर्सी से हटा कर ही दम लिए। इसको लेकर गुत्थम-गुत्थी, हो हल्ला तक की नौबत आई और आखिर में अनिश्चित काल के लिए बैठक स्थगित कर दी गई।

क्षेत्र पंचायत की बैठक नियत समय से शुरू हुई। ब्लॉक प्रमुख मुन्नी राम की नामौजूदगी में उनकी कुर्सी पर योगेंद्र सिंह बैठने गए। तब ग्राम प्रधान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष राकेश सिंह अंशु घोर आपत्ति प्रकट किए। बावजूद योगेंद्र सिंह कुर्सी पर बैठने के लिए बढ़े। तभी एक क्षेत्र पंचायत सदस्य कुर्सी एक ओर हटा दिया। उस बात को लेकर योगेंद्र सिंह उस क्षेत्र पंचायत सदस्य को गालियां देना शुरू कर दिए। उसके बाद हो हल्ला के साथ ही गुत्थम-गुत्थी शुरू हो गई।

उधर स्थिति बिगड़ते देख एहतियातन ब्लॉक कैंपस में पहले से मौजूद पुलिस कर्मी अपने अधिकारियों  को सूचित किए। उसके बाद एएसपी सिटी गोपीनाथ सोनी, सीओ सिटी गौरव सिंह मय फोर्स मौके पर पहुंचे और हालात काबू में किए। उसके बाद ब्लॉक प्रमुख मुन्नी राम सभागार में बुलाकर उस कुर्सी पर बैठाए गए। तब कुछ क्षेत्र पंचायत सदस्य और ग्राम प्रधान तंज अंदाज में योगेंद्र सिंह को अपनी कतार में आकर बैठने को कहे मगर योगेंद्र सिंह बोले कि ऐसा कदापि नहीं होगा। जब भी बैठेंगे तो प्रमुख की कुर्सी पर ही बैठेंगे और हाथ-पांव पटकते वह सभागार से निकल कर बीडीओ के कक्ष में चले गए।

इधर बैठक की कार्यवाही शुरू होने के साथ ही विपक्षी क्षेत्र पंचायत सदस्य ब्लॉक प्रमुख मुन्नी राम पर अब तक की कार्ययोजना, उपलब्धियों आदि पर सवालों की बौछार लगा दिए। यहां तक कि कुल क्षेत्र पंचायत सदस्यों की संख्या तक पूछे मगर ब्लॉक प्रमुख मुन्नी राम किसी सवाल का जवाब नहीं दे पाए। देते भी कैसे। उन्हें पहली बार तो बैठक की कार्यवाही में अपनी कुर्सी पर बैठने का मौका मिला था। बावजूद मुन्नी राम खुद पर इस तरह आई बला को टालने के लिए यही रट लगाए रहे कि वह बीमार चल रहे हैं जबकि हकीकत यही है कि मुन्नी राम योगेंद्र सिंह के महज रबर स्टंप हैं और उन्हें ब्लॉक प्रमुख की कुर्सी पर बैठाने से लगायत अब तक सारी जिम्मेदारी अपने दबदबे के बूते योगेंद्र सिंह ही संभालते रहे हैं।

इधर क्षेत्र पंचायत की बदली राजनीति में योगेंद्र सिंह के लिए अड़ंसा होने लगा है। विरोधी पूरी तरह से चंप गए हैं और यही वजह है कि ब्लॉक प्रमुख की कुर्सी पर बैठना भी उनके लिए दुश्वार हो गया है। ऊपर से करोड़ों की धांधली की जांच भी चल रही है। ऐसे हालात में नहीं लगता कि मनिहारी ब्लॉक में योगेंद्र सिंह का दबदबा ‘अजय’ रह पाएगा।

इस सिलसिले में ‘आजकल समाचार’ बीडियो मनिहारी अरविंद सिंह यादव से संपर्क किया। उन्होंने कबूला कि क्षेत्र पंचायत की बैठक में कुर्सी को लेकर विवाद हुआ था और उसी कारण बैठक स्थगित करनी पड़ी।

यह जरूर सुनें–अंसारी परिवार को घेरने की भाजपाई कवायद!

 ‘आजकल समाचार’ की खबरों के लिए नोटिफिकेशन एलाऊ करें

 

Related Articles

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker