भाजपा को महिला वोटरों पर पूरा विश्वास

गाजीपुर। भाजपा को विधानसभा चुनाव में महिला वोटरों पर पूरा भरोसा है। सोमवार को आए पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राधामोहन सिंह ने कहा कि चुनाव में हर वर्ग और हर जाति की महिलाएं भाजपा को मतदान करेंगी। इस लिए कि उनकी सुरक्षा की गारंटी एकमात्र भाजपा सरकार देती है।
जनता के जिला कार्यालय में पदाधिकारियों की बैठक में वह बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था एक ऐसा मुद्दा है जो सीधे तौर पर हमारी माताओं बहनों से जुड़ा है और पार्टी की प्रदेश सरकार अपने पांच साल के कार्यकाल में कानून-व्यवस्था दुरुस्त कर उनका मान-सम्मान सुरक्षित, सुनिश्चित की है।
उनका कहना था कि पिछले चुनाव में भाजपा सरकार अपने लोक कल्याण संकल्प पत्र में किए गए सभी वादों को पूरा करके दिखाई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में गुंडाराज, भ्रष्टाचार मुक्त शासन दिया है। अपराधियों और माफियाओं पर करारा प्रहार किया है। महिलाओं को सुरक्षा व सम्मान के साथ स्वावलंबी बनाया गया है। आशा बहुओं, आंगनवाड़ी कार्यकर्तियों, शिक्षामित्रों के मानदेय में बढ़ोतरी की है। प्रदेश में निवेशकों के जरिये प्रदेश में रोजगार के अवसर बढ़ाई है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी सेवा में पांच लाख नौजवानों को स्थाई नौकरी दी है। कई लाख नौजवानों को संविदा पर तैनाती दी है। श्रमिकों के हित में विशेष कार्य हुए हैं। आज प्रदेश के 14 करोड़ 55 लाख लोगों को डबल राशन मिल रहा है। गन्ना किसानों को उनके आशा के अनुरूप भुगतान किया गया है। यहां तक कि पूर्ववर्ती सरकारों के गन्ना किसानों के बकाया का भी भुगतान हुआ है।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने कहा कि किसान सम्मान निधि के तहत 2.54 करोड़ किसानों के खाते में अब तक 1.58 लाख करोड़ की राशि दी जा चुकी है। शिक्षा का क्षेत्र हो। उद्योग धंधे या सड़क, बिजली, पानी हर घर जल जैसी मूलभूत आवश्यकताओं के मामले में प्रदेश पांच वर्षों में बहुत आगे जा चुका है। अयोध्या से लेकर काशी तक मथुरा से मिर्जापुर विंध्याचल तक सरकार के सांस्कृतिक कार्यों की झलक पूरी दुनिया देख रही है। भाजपा सरकार की ही देन है कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ रही है। उन्होंने विधानसभा चुनाव में पार्टी को 300 से अधिक सीटों पर पार्टी की जीत का दावा करते हुए कहा कि किसान, नौजवान और माताओं बहनों के दम पर यह जीत तय है। उनका कहना था कि आम समाज को अपने दलित या उच्च होने से ज्यादा उस बात से मतलब होता है कि किसकी सरकार में उनका विश्वास, शिक्षा, स्वास्थ्य, बहनों की अस्मत, उनका मान-सम्मान सुरक्षित रहेगा। उन्होंने मुख्य प्रतिद्वद्वी सपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि उसके शासनकाल में अपराध और अपराधी दोनों फलते फूलते हैं और उसका खामियाजा आमजन विशेषकर महिलाओं को भुगतना पड़ा है।
इस अवसर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष का स्वागत जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह और जिला प्रभारी अशोक मिश्रा ने पुष्प गुच्छ देकर किया। बैठक के शुभारंभ में पार्टी महामनिषियों के चित्र पर धूपार्चन, वंदेमातरम गायन से हुआ।
बैठक में क्षेत्रीय मंत्री सुदामा राम पटेल, पूर्व मंत्री विजय कुमार मिश्र, जिला प्रवासी क्षितिज मोहन सिंह, मनोज पांडेय, मनोज शर्मा, जिला महामंत्री ओमप्रकाश राय, प्रवीण सिंह, दयाशंकर पांडेय, अवधेश राजभर, अच्छेलाल गुप्त, संकठा प्रसाद मिश्र, श्यामराज तिवारी, इंद्र कुमार सिंह,जिला मीडिया प्रभारी शशिकांत शर्मा, कार्तिक गुप्त सहित सभी विधानसभा क्षेत्र प्रवासी, प्रभारी, विस्तारक एवं जिला संचालन समिति सदस्य उपस्थित थे।