पूर्व प्रधान की बल्लम मार कर हत्या, अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज

बहरियाबाद (गाजीपुर)। चक फरीद गांव में पूर्व प्रधान नूर मुहम्मद (53)की बल्लम मारकर हत्या कर दी गई। घटना रविवार को तड़के की है। इस मामले में अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है। घटना का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है। मौके पर सीओ सैदपुर महिपाल पाठक, एएसपी सिटी गोपीनाथ सोनी और पुलिस कप्तान डॉ. ओमप्रकाश सिंह भी पहुंचे।
यह भी पढ़ें—मंत्रीजी के हाथों उद्घाटन
नूर मुहम्मद रोज की तरह सोकर उठे और करीब साढ़े तीन बजे टहलने के लिए घर से निकले। चार घंटे बाद भी वह नहीं लौटे तब घरवालों को चिंता हुई। उसी बीच गांव वालों से सूचना मिली कि घर से करीब 700 मीटर दूर कब्रिस्तान के बगल में हौदा भीटे के पास उनकी लाश औंधे मुंह पड़ी है। उनके पेट और सीने पर संघातक चोट के निशान थे।
नूर मुहम्मद सन् 1995 में अपनी ग्राम पंचायत के सदस्य चुने गए थे। चुनाव के करीब एक साल बाद महिला ग्राम प्रधान का किन्हीं कारणों से निधन हो गया था। उसके बाद नूर मुहम्मद छह माह के लिए कार्यवाहक ग्राम प्रधान बनाए गए थे। नूर मुहम्मद की पत्नी की बहरियाबाद बाजार में सौंदर्य प्रसाधन की दुकान है। नूर मुहम्मद की कोई संतान नहीं है। वह अपने साढ़ू की बेटी को गोद लिए थे।

सीओ सैदपुर ने बताया कि नूर मुहम्मद के शरीर पर मिले चोट के निशान बल्लम के लग रहे थे। उनकी हत्या का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है। परिवार वालों ने नूर मुहम्मद की किसी रंजिश से इन्कार किया है। पंचायत चुनाव की रंजिश की बात भी सामने नहीं आ रही है। इस मामले में नूर मुहम्मद के बड़े भाई पीर मुहम्मद ने अज्ञात के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई है। मौके का जायजा लेने के बाद पुलिस कप्तान ने मीडिया कर्मियों को नूर मुहम्मद की पत्नी आशमा के हवाले से बताया कि नूर मुहम्मद शराब के आदती थे। घटना स्थल पर भी बैठ कर हमप्यालों के साथ जाम टकराया करते थे। वहां शराब के कुछ खली पाउच भी मिले हैं।