धरम-करमब्रेकिंग न्यूज
मकर संक्रांति पर दही-चूड़ा से क्षुधा तृप्त कर बुजुर्गों के चेहरे पर दिखे संतोष के भाव

गाजीपुर। कहते हैं जिसका कोई नहीं उसके लिए भगवान होते हैं। वृद्ध गृह आश्रम के वृद्धजनों की क्षुधा गुरुवार को मकर संक्रांति पर दही-चूड़ा के इंतजार में थी। उसी बीच समाजसेवियों की एक टोली दही-चूड़ा लेकर पहुंच गई। सभी वृद्धजनों ने उसका भोग लगाया। क्षुधा तृप्ति का भाव उनके चेहरे पर दिखने लगा।
वह टोली गीता ग्रामोद्योग विकास संस्थान आमघाट सहकारी कॉलोनी गाजीपुर की थी। टोली को पड़ रही अस्थि बेधक ठंड में आश्रम के वृद्धजनों की दुश्वारियों का भी संभवत: एहसास था। शायद यही वजह थी कि टोली उनके लिए कंबल और चप्पल लेकर भी पहुंची थी। टोली की अगुवाई संस्था के अध्यक्ष कृष्णशंकर चौबे कर रहे थे। टोली में संस्था के मंत्री शुभम कुमार यादव, उपाध्यक्ष सोमेश कुमार राय, विनोद कुमार राय बाचा आदि प्रमुख थे।