सपा: राष्ट्रीय नेतृत्व ने चंद्रिका यादव को दिया बड़ा ओहदा

गाजीपुर। समाजवादी पार्टी में वरिष्ठ शिक्षक नेता चंद्रिका यादव के विरोधियों के लिए पेट मरोड़ने वाली खबर है। पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व ने चंद्रिका यादव को समाजवादी शिक्षक सभा का राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी सौंपी है।
चंद्रिका यादव ने खुद व्हाट्सएप पर ‘आजकल समाचार’ को मैसेज भेजकर यह जानकारी दी है। उन्होंने मैसेज के साथ शिक्षक सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. बी पांडेय की ओर से खुद के लिए भेजे गए मनोनयन पत्र की छाया प्रति भी भेजी है। उस पत्र में स्पष्ट कहा गया है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आदेश पर चंद्रिका यादव को समाजवादी शिक्षक सभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी का सचिव नामित किया जाता है।
चंद्रिका यादव पार्टी के ‘हार्डकोर’ कार्यकर्ता माने जाते हैं। सड़क से लेकर सोशल मीडिया तक पार्टी का नारा बुलंद करने में लगे रहते हैं।
यहां तक कि पार्टी की रीति-नीति और मर्यादा को लेकर विचलित होने वाले पार्टी के कार्यकर्ताओं, नेताओं को रोकने-टोकने से भी वह कतई गुरेज नहीं करते। इसके लिए वह प्राय: उन कार्यकर्ताओं, नेताओं की नाराजगी भी मोल लेते रहते हैं। एक बार तो पार्टी के एक बड़े ओहदेदार नेता के इशारे पर उन्हें पार्टी कार्यालय समता भवन के नीचे कुछ मनबढ़ कार्यकर्ताओं ने अपमानित भी कर दिया था।
अपनी मुखर वृत्ति के चलते पार्टी के एक धड़े को चंद्रिका यादव फूटी आंख नहीं सुहाते हैं। अब जबकि पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व ने उन्हें सीधे शिक्षक सभा का राष्ट्रीय सचिव नामित किया है तो संभव है कि उस धड़े को बड़ा झटका लगा होगा।