पुलिस के तेवर देख ठिठक गए कांग्रेसी

गाजीपुर। अगस्त क्रांति पर मंगलवार को कांग्रेसियों ने भाजपा गद्दी छोड़ो मार्च निकाला। उसमें शामिल लोग खूब दहाड़ रहे थे। पार्टी कार्यालय सिटी स्टेशन से यह मार्च सरजू पांडेय पार्क तक जाना था लेकिन लंका पर मौजूद पुलिस बल ने उन्हें रोक दिया। कुछ कांग्रेसियों ने जोर जबरदस्ती कर आगे बढ़ने की कोशिश की मगर पुलिस कर्मियों ने अपने तेवर कड़े कर लिए। फिर तो कांग्रेसी जहां के तहां रुक गए और आखिर में अपना मार्च वहीं खत्म कर अपने घरों की राह पकड़ लिए। हालांकि कांग्रेसियों को पुलिस स्टेशन पर ही रोकने की कोशिश की थी लेकिन तब कांग्रेसी झटकार कर आगे निकल आए थे।
मार्च का आह्वान पार्टी के प्रदेश नेतृत्व ने किया था। मार्च में शहर और जिला कमेटी के लोग शामिल थे। वह सभी महंगाई, भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था, बेरोजगारी आदि मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए भाजपा को सत्ता छोड़ने की मांग कर रहे थे। उनके हाथों में पार्टी का झंडा, बैनर था।
मार्च में जिला अध्यक्ष सुनील राम, पूर्व विधायक अमिताभ अनिल दूबे, डॉ. मारकंडेय सिंह, शफीक अहमद, लाल साहब यादव, मंसूर जैदी आदि थे।