भाई के दरवाजे पर सोए प्रॉपर्टी डीलर को मारे गोली, सगे बड़े भाई सहित चार नामजद

गाजीपुर। दरवाजे पर सोए अधेड़ संजय सिंह (52) को गोली मार कर जख्मी कर दिया गया। घटना खानपुर थाने के मौधा गांव में गुरुवार की भोर में करीब तीन बजे हुई। गोली संजय सिंह के दाहिने जबड़े में लगी है। उनका इलाज वाराणसी के निजी अस्पताल में चल रहा है। इस मामले में संजय सिंह के बड़े पुत्र अश्वनी ने अपने ही सगे बड़े पिता-बड़ी मां तथा उनके पुत्र-पुत्रवधू के विरुद्ध नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। उसके नामजद बड़े पिता पारस सिंह पीएसी के रिटायर हेड कांस्टेबल हैं। घटना का कारण पारिवारिक जमीन के बंटवारे के विवाद का परिणाम बताया जा रहा है। संजय सिंह प्रयागराज में प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते हैं। बीते शुक्रवार को वह पुत्र अश्वनी संह गांव लौटे थे और मझले भाई सारनाथ सिंह के दरवाजे पर सोए थे।
संजय सिंह के पुत्र अश्वनी सिंह के मुताबिक वह अपने पिता के बगल में दूसरी चारपाई पर सोया था। उसी बीच गोली चलने पर उसकी नींद टूट गई। तब उसकी नजर अपने पिता की चारपाई के पास मौजूद बड़े पिता, बड़ी मां और उनके पुत्र-पुत्रवधू पर पड़ी। उसके बाद वह लोग मौके से भाग गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस कप्तान डॉ.ओमप्रकाश सिंह, अपर पुलिस कप्तान नगर गोपीनाथ सोनी भी पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिए। श्री सोनी ने बताया कि मामला संदिग्ध लग रहा है। नामजद सारे अभियुक्त अपने घर पर ही मौजूद मिले। पुलिस विवेचना में ही हकीकत सामने आएगी। नामजद अभियुक्त पारस सिंह ही अपने छोटे भाई को रोजगार कराने के लिए प्रयागराज ले गए थे। तब वह नौकरी में थे। घायल संजय सिंह की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। वह बोल-बतिया रहे हैं। गोली उनके जबड़े में फंसी हुई है।
यह भी पढ़ें–विधायक के गांव में ठांय-ठांय!
‘आजकल समाचार’ की खबरों के लिए नोटिफिकेशन एलाऊ करें’