कोचिंग संचालक की पत्नी फंदे पर लटकती मिली, दहेज हत्या का मामला दर्ज

गाजीपुर। कोचिंग संचालक की पत्नी नीतू बिंद (25) का शव घर के कमरे की छत से दुपट्टे के सहारे लटकता मिला। इस मामले में नीतू के चाचा विजेंद बिंद ने इस मामले में दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। घटना शादियाबाद थाने के धारी खुर्द गांव में मंगलवार की रात का है। नीतू का मायका उसी क्षेत्र के अकरांव गांव में था।
नीतू की मौत की जानकारी पड़ोसियों को तब हुई जब पति बिरबल के रोने की आवाज उनके कानों तक पहुंची। रात करीब 11 बजे पति ने घटना की सूचना पुलिस को दी। नीतू का शव उसके दुपट्टे के सहारे कमरे की छत से लटक रहा था। पूछताछ में ससुरालियों ने बताया कि किसी बात पर पति-पत्नी में झगड़ा हुआ। उसके बाद पत्नी ने फांसी लगा ली। पति गांव में ही यूपीएससी, पुलिस भर्ती के अभ्यर्थियों के लिए कोचिंग चलाता है। मृत नीतू की शादी करीब तीन साल पहले हुई थी। अभी तक उसे कोई संतान नहीं हुई थी। उसके मां-पिता मुंबई में रहते हैं। पुलिस उसके पति, सास तथा श्वसुर को हिरासत में ले ली है।