अब मुख्तार की पत्नी को नोटिस, मामला निर्माणाधीन व्यवसायिक परिसर में अवैध निर्माण का

गाजीपुर। योगी सरकार की लगातार तल्खी झेल रहे बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी के कुनबे के लिए एक और बला आ पड़ी है। मामला गाजीपुर शहर के लालदरवाजा पंचरस्ता स्थित निर्माणाधीन व्यवसायिकपरिसर का है। यह परिसर मुख्तार की पत्नी अफ़शा अंसारी के नाम पर है। आरोप है कि स्वीकृत नक्शे से बढ़ कर निर्माण कराया जा रहा था। उस अवैध निर्माण को ढहाने का आदेश दिया गया है।]
यह भी पढ़ें—कप्तान हुजूर का ‘इंटरव्यू’!
अवैध निर्माण का मामला संज्ञान में आने के बाद प्रशासन ने अफ़शा अंसारी को नोटिस भेज कर उन्हें अपना पक्ष रखने का मौका दिया। बकौल सदर एसडीएम प्रभाष कुमार, अफ़शा अंसारी को आरबीओ एक्ट के तहत नोटिस देकर उनका पक्ष सुना गया मगर उनकी ओर से अवैध निर्माण के बाबत संतोषजनक जवाब नहीं मिला। उसके बाद बुधवार को अवैध निर्माण को ढहाने का आदेश दिया गया। इसके लिए उनको एक हफ्ते के भीतर यह काम करने को कहा गया। अगर उनके स्तर से ऐसा नहीं हुआ तो प्रशासन उस हिस्से को खुद ढहवाएगा और उसका खर्च उनसे वसूला जाएगा।

खबर है कि प्रशासन के उस आदेश के बाद अफ़शा अंसारी कि ओर से उस अवैध निर्माण को ढहाने का काम भी शुरू हो गया है। मालूम हो कि मुख्तार अंसारी का गाजीपुर शहर के महुआबाग में भी व्यवसायिक परिसर है। उसमे होटल गज़ल और दुकानें हैं। हालांकि प्रशासन पहले ही उसके भूखंड और निर्मित हिस्से के दस्तावेजों को खंगाल चुका है। मौके की पैमाइश भी कराया है लेकिन वहां प्रशासन को ऐसी कोई गड़बड़ी नहीं मिली कि कोई कार्रवाई की जा सके।