शौच को गई युवती पोखरे में डूबी

भांवरकोल (गाजीपुर)। शौच को गई युवती गांव के ही पोखरे में डूबी मिली। घटना लोहारपुर की है। वह मंगलवार को तड़के घर से पोखरे की ओर शौच के लिए गई थी।
युवती नेहा गांव के रामनिधि यादव की पुत्री थी। वह राजकीय शहीद स्मारक महाविद्यालय मुहम्मदाबाद में बीकाम में अंतिम वर्ष की छात्र थी। यह मामला हादसा बताया गया है। माना जा रहा है कि शौच के बाद वह पोखरे के किनारे पहुंची और अचानक फिसल कर पानी में चली गई। पोखरा जलकुंभी से अटा पड़ा है। काफी देर बाद भी जब उसका पता नहीं चला तब घरवालों ने उसकी तलाश शुरू की। गांव की कुछ महिलाएं नेहा को पोखरे के किनारे जाते देखा था। उनकी इस जानकारी पर अन्य लोगों की मदद से घरवालों ने पोखरे की जलकुंभी हटाकर पानी में उसकी तलाश शुरू की। कुछ ही देर के प्रयास में उसका शव मिला। घरवालों के मुताबिक नेहा तैरना नहीं जानती थी। वह अपने मां-पिता की पांच पुत्रियों में दूसरे नंबर पर थी। उसकी बड़ी बहन की शादी हो चुकी है।