सपाः जिला उपाध्यक्ष बने अहमर जमाल

गाजीपुर। समाजवादी पार्टी की निगाह अकलियत वोट पर है। शायद यही वजह है कि पार्टी शहर के युवा नेता अहमर जमाल को सीधे जिला उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंप दी है। उनकी यह नियुक्ति प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने की है। बुधवार को जिलाध्यक्ष रामधारी यादव ने बकायदे माल्यार्पण कर स्वागत किया।
हालांकि अहमर जमाल सपा में शुरू से हैं लेकिन अब तक पार्टी में उनकी पहचान एक सामान्य कार्यकर्ता से ज्यादा नहीं रही है। अब सीधे जिला उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी प्राप्त कर उन्होंने पार्टी में अपनी हैसियत का एहसास करा दिया है।
वैसे एक वक्त में उनकी सियासी हैसियत रही है। बात तब की है जब सपा सत्ता में थी और तत्कालीन सदर विधायक विजय मिश्र मंत्री थे। अहमर जमाल उनके किचन कैबिनेट में शामिल थे। तब कई ऐसे मौके आए जब वह खूब सुर्खियां बटोरे। शहर के मिश्रबाजार तिराहे का उनकी समाजसेवी संस्था के फंड से हुए भव्य सुंदरीकरण पर भी उन्हें सुर्खियां मिली थी। तत्कालीन डीएम संजय खत्री ने उनको खूब शाबाशी दी थी।
सपा का जिला उपाध्यक्ष बनने पर `आजकल समाचार`से बातचीत में अहमर जमाल ने कहा कि पार्टी ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे वह पूरी ईमानदारी से निभाएंगे। उन्होंने कहा कि सपा की अगुवाई में अल्पसंख्यकों का हको-हकूक सुरक्षित है। अहमर जमाल गाजीपुर शहर के बरबरहना के रहने वाले हैं।