मनरेगा मजदूरों ने किया सड़क जाम

जमानियां (गाजीपुर) : मजदूरी की धनराशि खाता में न भेजने पर मंगलवार को फूली गांव के मनरेगा मजदूरों का गुस्सा फूट पड़ा। दोपहर में आक्रोशित होकर फावड़ा व तगाड़ी लेकर सड़क पर उतर गए। मजदूरों ने दिलदारनगर- जमानियां मुख्य मार्ग को 12 बजे जाम कर दिया। सूचना पर पहुंचे दिलदारनगर थाना निरीक्षक दिलीप सिंह ने मजदूरों को समझाकर 12.30 बजे जाम समाप्त कराया। बाद में पहुंचे बीडीओ ने सबके खाते में पैसा भेजने का आश्वासन देकर आक्रोश शांत कराया।
मजदूरों का आरोप था कि मनरेगा कार्य करने के बाद भी खाता में मजदूरी नहीं पहुंच रहा है और न ही जॉब कार्ड पर हाजिरी लग रही है। शिकायत पर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई तो उनका आक्रोश बढ़ गया और वह लामबंद होकर जाम लगाने पहुंच गए। सूचना पर पहुंचे बीडीओ हरिनारायण ने मजदूरों से वार्ता की। बताया कि जितने मजदूरों ने कार्य किया है उनकी मजदूरी उनके खाते में पहुंच गया है। जिनका रुका है उनका भी जल्द ही पहुंच जाएगा। इसके बाद किसी तरह मजदूर शांत हुए। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि विजय यादव ने बताया कि रोजगार सेवक मनोज यादव द्वारा मजदूरों को यह कहा गया कि जो मजदूर कार्य स्थल पर समय से नहीं पहुचेंगे उनकी हाजरी नहीं लगेगी। इस पर कुछ लोगों के उकसाने पर मजदूर सड़क जाम कर दिए। रास्ता जाम करने वालों में मगरी राजभर, कमली, कलिदा देवी, दुर्गा देवी, आत्मा आदि थे।