ताजा ख़बरेंब्रेकिंग न्यूजराजनीति

भाजपा: वाकई! बड़े नेताओं के आगमन की सूचना दबा रहा जिला नेतृत्व

गाजीपुर। भाजपा के जिला नेतृत्व की यह रणनीति है या संयोग कि पार्टी के बड़े नेताओं के आगमन की सूचना से आम कार्यकर्ता वंचित हो जा रहे हैं। उन नेताओं के लौट जाने के बाद उन्हें इसकी जानकारी होती है।

इसको लेकर आम कार्यकर्ताओं में असंतोष की स्थिति बनती जा रही है। अपना यह असंतोष वह सोशल मीडिया के प्लेटफॉर्म पर भी प्रकट करने लगे हैं। ताजा प्रकरण शनिवार का है। पार्टी के प्रदेश सह संगठन मंत्री भवानी जी गोरखपुर से वाराणसी जाते वक्त कुछ देर के लिए जिला कार्यालय में रुके। जहां जिलाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह की अगुवाई में उनका स्वागत किया गया। स्वागत करने वालों में पार्टी की काशी प्रांत की उपाध्यक्ष सरोज कुशवाहा, जिला उपाध्यक्ष अखिलेश सिंह, महामंत्री त्रय दया शंकर पांडेय, ओम प्रकाश राय तथा प्रवीण सिंह, जितेंद्र नाथ पांडेय, अच्छेलाल गुप्त, योगेश सिंह आदि थे।

पार्टी के प्रदेश सह संगठन मंत्री के जिला कार्यालय पर स्वागत की जानकारी मय फोटो अपने फेसबुक एकाउंट पर काशी प्रांत की उपाध्यक्ष सरोज कुशवाहा ने पोस्ट की। उसके कुछ ही देर बाद पार्टी के महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष रुद्रा पांडेय के पति पंकज पांडेय ने उस पोस्ट के कमेंट बॉक्स में जिला नेतृत्व की ओर इशारा करते हुए सवाल किया कि सामान्य कार्यकर्ताओं को इस तरह की सूचना क्यों नहीं दी जाती है। पंकज पांडेय के इस कमेंट पर आम कार्यकर्ताओं में बतकही शुरू हो गई।

हालांकि पंकज पांडेय का वह कमेंट कुछ ही देर बाद डिलीट  भी कर दिया गया। ऐसा क्यों और किसके कहने पर हुआ। यह तो नहीं मालूम लेकिन आम कार्यकर्तओं में एक बार फिर इस मुद्दे पर बहस शुरू हो गई है। कार्यकर्ताओं की मानी जाए तो इसके पहले भी आए बड़े नेताओं के आगमन की सूचना दबाई गई है। उन नेताओं के स्वागत का मौका जिलाध्यक्ष और उनकी ‘कैबिनेट’ के अलावा किसी दूसरे को नहीं मिली है। अगर कोई दूसरा पहुंचा भी तो अपने स्रोतों की सूचना पर।

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह का 16 जनवरी को कार्यक्रम लगा है लेकिन अभी तक पार्टी के जिला नेतृत्व की ओर से इसकी अधिकृत जानकारी जिम्मेदार कार्यकर्ताओं को नहीं दी गई है।

यह भी पढ़ें—कोरोना की मार, तंगहाल राम दरबार

Related Articles

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker