एमएलसी चुनावः स्नातक क्षेत्र में भाजपा फिर केदारनाथ सिंह पर लगाई दाव

गाजीपुर। एमएलसी चुनाव में वाराणसी क्षेत्र से भाजपा एक बार फिर केदारनाथ सिंह पर दाव लगाई है। सोमवार को पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह की ओर से उत्तर प्रदेश तथा महाराष्ट्र विधान परिषद के स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के उम्मीदवारों की घोषित सूची में वाराणसी क्षेत्र के लिए का नाम शामिल है। हालांकि सूची में श्री सिंह का नाम पार्टीजनों के लिए अप्रत्याशित नहीं है। यह पहले से ही तय माना जा रहा था और पार्टी कार्यकर्ता उनके अभियान में जुट भी गए थे।
यह भी पढ़ें–सरकारी स्कूलों में इस साल नहीं होगी पढ़ाई!
श्री सिंह के लिए यह चौथा चुनाव होगा। पहली बार साल 2004 में तत्कालीन एमएलसी कांग्रेस के राजेश मिश्र के वाराणसी सांसद चुने जाने के बाद एमएलसी के लिए हुए उप चुनाव में भाजपा केदारनाथ सिंह पर दाव लगाई थी। वह पार्टी की उम्मीदों पर खरे उतरे। उसके बाद हुए दो चुनावों में भी वाराणसी सीट पर पार्टी का कब्जा बरकरार रखे। हालांकि पिछले चुनाव में उन्हें पार्टी से ही बगावत कर मैदान में उतरे युवा नेता सिद्धार्थ शंकर राय की चुनौती झेलनी पड़ी थी लेकिन आखिर में श्री सिंह सहजता से मैदान मार लिए थे।
केदार सिंह पार्टी जनों में लगभग सभी के पंसद माने जाते हैं। केंद्रीय मंत्री डॉ.महेंद्र नाथ पांडेय से लगायत जम्मू-कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा तक के वह चहेते हैं।
निर्वाचन आयोग के घोषित कार्यक्रम के अनुसार नामांकन का काम 12 नवंबर तक होगा। उसके बाद नामांकन पत्रों की जांच 13 नवंबर और नाम वापसी के लिए अंतिम तिथि 17 नवंबर तक है जबकि मतदान पहली दिसंबर को प्रात: आठ से शाम पांच बजे तक होगा। मतगणना तीन दिसंबर को होगी। गाजीपुर में मतदाताओं की संख्या करीब 36 हजार है।