मल्हनी सीट पर सपा का कब्जा रहेगा बरकरारः राधेमोहन सिंह

गाजीपुर। सपा के पूर्व सांसद राधेमोहन सिंह का दावा है कि विधानसभा की मल्हनी (जौनपुर) सीट पर उनकी पार्टी का कब्जा बरकरार रहेगा। वहां हो रहे उप चुनाव में पार्टी उम्मीदवार लकी यादव शानदार जीत दर्ज कराएंगे।
श्री सिंह बुधवार को मल्हनी निर्वाचन क्षेत्र में अपनी पार्टी के चुनाव अभियान में शामिल थे। देर शाम लौटने के बाद वह बोले-मल्हनी में दूसरे दल और उम्मीदवार आपस में दूसरे नबंर की लड़ाई लड़ रहे हैं। सपा की हवा बह रही है। एक सवाल पर उनका कहना था कि एक तो मल्हनी के दिवंगत विधायक और पार्टी के कद्दावर नेता पारसनाथ यादव के पुत्र लकी यादव को सहानुभूति के वोट मिल रहे हैं। दूसरे पार्टी के प्रति आमजन का विश्वास फिर लौटा है। लोग मान रहे हैं कि सपा की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है जबकि दूसरे दल जाति, मजहब के नाम पर सिर्फ वोट बटोरना जानते हैं।
यह भी पढ़ें–आत्महत्याः कठघरे में बसपा!
पूर्व सांसद मल्हनी विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों का दौरा कर जनसंपर्क किए। उनके साथ गाजीपुर के पार्टी जिला सचिव खेदन यादव, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के अध्यक्ष रामलाल प्रजापति, विजय सिंह प्रधान, मुन्ना यादव प्रधान, भीम यादव बीडीसी सदस्य आदि भी थे।
बातचीत में सपा के पूर्व सांसद राधेमोहन सिंह ने कहा कि राज्यसभा चुनाव को लेकर बसपा में तोड़फोड़ करने का सपा पर आरोप सरासर बेमानी है। सच्चाई यही है कि अल्पसंख्यकों और अतिपिछड़ों को सपा पर पूरा भरोसा है। सपा के बागी विधायकों पर यह निर्भर करता है कि वह किस पार्टी का दामन थामते हैं। वह सपा में आना चाहेंगे तो सपा के लोग निश्चित रूप से उनका स्वागत करेंगे। सपा में सबका सम्मान है।