पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सिंह की मेजबानी करेंगे अंसारी बंधु

गाजीपुर। पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सिंह की अंसारी बंधुओं से रिश्ते में गर्मजोशी बढ़ती जा रही है। अब अंसारी बंधुओं ने अपने पूर्वज महान स्वतंत्रता सेनानी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे डॉ. मुख्तार अहमद अंसारी की 140वीं जयंती पर पूर्व मंत्री श्री सिंह को आमंत्रित किया है। उन्होंने यह आमंत्रण स्वीकार भी कर लिया है।
यह भी पढ़ें—सिविल बार: हृदय नारायण अध्यक्ष
जयंती 25 दिसंबर को है। समारोह सुबह दस बजे अंसारी बंधुओं के प्रबंधन वाले मुख्तार अहमद अंसारी इंटर कॉलेज यूसुफपुर मुह्म्मदाबाद में आयोजित है। समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री अंबिका चौधरी और विशिष्ट अतिथि पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सिंह होंगे। कॉलेज की प्रबंध समिति के अध्यक्ष फारूक अंसारी की ओर से बताया गया है कि समारोह में कोरोना के प्रोटोकॉल का पालन पूरी तरह किया जाएगा। कॉलेज के प्रबंधक सांसद अफजाल अंसारी हैं।
सियासी हलके में पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सिंह के अंसारी बंधुओं की यह मेजबानी कबूलने पर कोई हैरानी की बात नहीं है। अंसारी बंधुओं के जलसों में श्री सिंह की हाजिरी प्राय: लगती है। इसके पीछे की सियासी गणित समझने वालों की मानी जाए तो इस दरमियानी रिश्ते में अंसारी बंधुओं की नहीं बल्कि ओमप्रकाश सिंह की सियासी गरज ज्यादा है। उनको अपने क्षेत्र जमानियां में अंसारी बंधुओं की सियासी हैसियत का अंदाजा ठीक से है। पिछले विधानसभा चुनाव में अंसारी बंधु अपनी पार्टी बसपा के उम्मीदवार अतुल राय का साथ दिए थे। नतीजा ओमप्रकाश सिंह खिसक कर तीसरे स्थान पर पहुंच गए थे। शायद यही वजह है कि ओमप्रकाश सिंह अंसारी बंधुओं से सटकर 2022 के विधानसभा चुनाव में अपने लिए जमानियां सीट पर फिर से गुंजाइश बनाने की जुगत में लगे हैं।