दोस्तों संग नहाने गया युवक गंगा में डूबा

जमानियां (गाजीपुर)। चक्का बांध गंगा घाट पर युवक डूब गया। घटना शुक्रवार की सुबह करीब साढ़े छह बजे की है। युवक मन्नू जायसवाल (18) स्टेशन बाजार के रमेश जायसवाल का बेटा था। उसका शव घटना स्थल से कुछ ही दूर दोपहर सवा एक बजे मिला।
मन्नू रोज की तरह अपने दोस्तों संग गंगा नहाने आ रहा था। वह अचानक गहरे और तेज बहाव में चला गया। मन्नू को डूबता देख उसके दोस्तों ने चीख-पुकार मचाई। आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए लेकिन तेज धार और गहराई के आगे किसी का वश नहीं चला। बेबस दोस्त भी मन्नू को डूबते देखते रहे। कुछ ही देर बाद मन्नू के परिवारीजन और स्टेशन बाजार पुलिस चौकी इंचार्ज अनिल पांडेय, तहसीलदार आलोक कुमार भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने दक्ष नाविकों की सहायता से नदी में बड़ी जाल डलवाकर डूबे युवक की तलाश शुरू कराई। करीब पौने सात घंटे की मशक्कत के बाद वह मिला लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मन्नू के पिता की स्टेशन बाजार से सटे मदनपुरा में आटा चक्की है। मन्नू इसी साल इंटर पास किया था।