ढहा दिए गए मकान, ग्राम पंचायत की जमीन पर अवैध कब्जा कर हुआ था निर्माण

गाजीपुर, बाराचवर (यशवन्त सिंह)। हाईकोर्ट के आदेश पर करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र की ताजपुर ग्राम पंचायत के मिश्रपुरा में दस मकान ढाह दिए गए। यह कार्रवाई शनिवार को हुई। सभी मकान ग्राम पंचायत की भूमि पर अवैध कब्जा कर बने थे।
नायब तहसीलदार मुहम्मदाबाद संजीव श्रीवास्तव तथा राजस्व निरीक्षक ज्ञानेंद्र ओझा मय पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचे और जेसीबी से उन मकानों को ढहाने का काम शुरू करा दिए। करीब चार घंटे में वह कच्चे-पक्के मकान जमीदोंज हो गए।
दरअसल गांव के ही बलिराम यादव ने यह मामला उठाया था। पहले वह राजस्व अधिकारियों से शिकायत किए थे कि गांव के मुखराम, संजय, विनोद, चंद्रबली, मुखलाल, कन्हैया, उमेश, कालिका, मिश्री व राजेंद्र ने ग्राम पंचायत की जमीन पर अवैध कब्जा कर मकान का निर्माण करा लिया है। जब राजस्व अधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की तब वह इस मामले को हाईकोर्ट में ले गए। जहां अवैध कब्जा हटाने का आदेश हुआ। उसके बाद राजस्व अधिकारी हरकत में आए। संबंधित लोगों को अवैध कब्जा हटाने की नोटिस दी गई मगर उन लोगों ने कुछ नहीं किया। तब राजस्व अधिकारी खुद लावलश्कर संग अवैध कब्जा हटाने मौके पर पहुंचे थे।
अवैध निर्माण ढहाते वक्त मौके पर तमाशबीनों की भीड़ लग गई थी। अवैध कब्जा करने वाले राजस्व अधिकारियों के सदलबल आने की सूचना मिलने के बाद मकानों को खाली कर दिए थे।