ट्रैक्टर चालक को हाइवे पर गोली मार बाइक सवार बदमाश भागे, घटना सुहवल थाना क्षेत्र की

गाजीपुर। बाइक सवार दो अज्ञात बदमाश ट्रैक्टर चालक सनोज चौधरी (20) को गोली मार कर भाग गए। घटना सुहवल थाना क्षेत्र के डुहिया गांव से सटे चकिया मोड़ के पास हाइवे पर मंगलवार की रात करीब पौने 11 बजे हुई। सनोज को जिला अस्पताल से ट्रामा सेंटर बीएचयू के लिए रेफर कर दिया गया है। गोली उसके जबड़े को चिरती हुई बाहन निकल गई थी।
यह भी पढ़ें—विधायक का पूर्व मंत्री को ‘नॉकआउट पंच’
सनोज उसी क्षेत्र के मेदनीपुर निवासी मिंटू सिंह का ट्रैक्टर चलाता है। रात में वह ट्रैक्टर में मिक्सर लेकर मेदनीपुर में ही एक व्यक्ति के मकान की छत ढलाई कराने गया था। काम खत्म होने के बाद साइकिल से सनोज अपने घर मकसूदपुर लौट रहा था। उसी बीच पीछे से आए बाइक सवार दो युवक उसे क्रॉस कर कुछ मीटर आगे निकले। फिर बाइक घुमाकर उसके पास आए और बाईक पर पीछे बैठा युवक तमंचा निकाल कर सनोज पर गोली चला दिया। उसके बाद दोनों युवक अपनी बाइक से चकिया जाने वाली सड़क से भाग निकले।
इधर गोली लगने से जख्मी सनोज शोर मचाया लेकिन आस-पास के घरों के लोग बाहर नहीं निकले। किसी तरह वह अपने घर पहुंचा। घर वाले उसकी दशा देख सन्न रह गए। तत्काल उसे जिला अस्पताल के लिए चल दिए।
घटना का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हुआ है। गांव वालों के अनुसार सनोज सीधा-सादा और काफी व्यवहारिक है। उसकी अथवा उसके परिवार की किसी से कोई रंजिश भी नहीं है। एसएचओ सुहवल बिंद कुमार ने बताया कि घायल युवक के भाई श्रीकांत चौधरी ने दो अज्ञात युवक के विरुद्ध तहरीर दी है। मामले की छानबीन हो रही है। गोली से सनोज के दो दांत बाहर निकल गए हैं। जबड़ा लगभग पूरी तरह जख्मी हो गया है।