[the_ad_group id="229"]
ब्रेकिंग न्यूजमौसमशासन-प्रशासन

पड़ोसी प्रांतों के चलते यूपी में आई बाढ़ की नौबतः योगी

गाजीपुर। मुख्यमंत्री योगा आदित्यनाथ अपने यूपी में बाढ़ के लिए पड़ोसी प्रांत राजस्थान, मध्य प्रदेश सहित हरियाणा को मुख्य  कारण मानते हैं।

गाजीपुर में बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई और स्थलीय सर्वेक्षण करने शुक्रवार की सुबह वाया वाराणसी आए मुख्यमंत्री ने गहमर इंटर कॉलेज में जनप्रतिनिधियों तथा प्रशासनिक अधिकारियों संग बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में स्पष्ट कहा कि बरसात से कम और राजस्थान, हरियाणा के बांध से छोड़े गए अतिरिक्त पानी और मध्यप्रदेश से उफनती आई चंबल, बेतवा तथा यमुना नदी यूपी में बाढ़ का मुख्य कारण बनी। इस बाढ़ से यूपी के कुल 24 जिले के 600 से अधिक गांव प्रभावित हुए हैं। बताए कि वह उन सभी जिलों में जाकर हालात का जायजा लिए हैं और राहत व्यवस्था की समीक्षा कर चुके हैं।

डीएम एमपी सिंह से मिले इनपुट का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि गाजीपुर में मात्र 32 राजस्व गांव और कुल करीब डेढ़ लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। उन्होंने प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित इलाकों में चल रहे कार्य पर संतोष जताते हुए कहा कि उन्होंने अधिकारियों को बाढ़ पीड़ितों तक 24 घंटे के भीतर हर जरूरी राहत सामग्री उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। बाढ़ के पानी से भरे गांवों के लोगों को राहत शिविरों में पहुंचाने और वहां खाद्य सामग्री, दवा, महिलाओं की सुरक्षा, पशुओं के चारे वगैरह के इंतजाम के लिए भी उन्होंने कहा है। अब जबकि नदियां घटने लगी हैं। उस दशा में कटान के संभावित खतरों के लिहाज से सिंचाई विभाग के इंजीनियरों को भी तत्परता से कटान रोकने के उपायों के लिए उन्होंने निर्देशित किया है।

मुख्यमंत्री ने मौके पर पहुंचे बाढ़ पीड़ितों से उनकी पीड़ा सुनी और प्रशासन की ओर से किए जा रहे राहत कार्य की जानकारी ली। इस मौके पर कुल 186 पीड़ित परिवारों को राहत सामग्री वितरित की गई। इस अवसर पर जिला पंचायत चेयरमैन सपना सिंह, विधायक त्रय जमानियां सुनीता सिंह, मुहम्मदाबाद अलका राय तथा सदर डॉ. संगीता बलवंत, राज्य पिछड़ा वर्ग के उपाध्यक्ष प्रभुनाथ चौहान, एमएलसी विशाल सिंह चंचल, भाजपा जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह, प्रतिनिधि ब्लॉक प्रमुख सादात डॉ.संतोष यादव, रोटेरियन संजीव सिंह बंटी आदि के अलावा कमिश्नर वाराणसी दीपक अग्रवाल, आईजी वाराणसी एसके भगत, एसपी डॉ. ओपी सिंह, सीडीओ श्रीप्रकाश गुप्त सहित सभी एसडीएम, तहसीलदार एवं समस्त जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

…और डीएम ने सीएम को किया ब्रिफ

बैठक में डीएम एमपी सिंह ने मुख्यमंत्री को बाढ़ के हालात और प्रशासन की ओर से चलाए जा रहे राहत कार्यों की विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि बाढ़ से प्रभावित परिवारों को अबतक 1005.87 कुंतन गेहूं 670.61 कुंतल चावल वितरित किया गया है। बाढ़ प्रभावित इलाकों में 282 चौकियां तथा 17 बाढ राहत केंद्र स्थापित किए गए हैं। 54 मझोली तथा 275 बड़ी नावों की व्यवस्था की गई है। साथ ही 48 गोताखोरों की तैनाती हुई है। इसके अतिरिक्त बाढ़ से सुरक्षा खातिर एक प्लाटून पीएसी (जल पुलिस) रेवतीपुर  एंव तहसील सेवराई मे तैनात की तैनाती हुई है। वह जवान रबर के चार मोटर बोट्स से लैस हैं। 30 पशु राहत केंद्र बनाए गए हैं। जहां 180 कुंतल भूसा वितरित किया गया है। अब तक कुल 1040 पशुओं का उपचार हुआ है। 14668 पशुओं को टीके लगे हैं। पर्याप्त मात्रा में एंटी स्नैक वेनम उपलब्ध है। बाढ़ प्रभावित तहसील मुख्यालयों पर स्थापित कंट्रोल रूम में 24 घंटे के लिए तीन शिफ्ट में अधिकारियों, कर्मचारियों की ड्यूटी लगी है। बाढ़ के खतरे को देखते हुए पहले ही प्रभावित गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया था। प्रभावित ग्रामों में राहत टीम के साथ मेडिकल टीम भी भ्रमण कर रही है। ओआरएस एवं क्लोरीन के टैबलेट भी बांटे जा रहे हैं।

 

…जब हेलीपैड को लेकर हांफने लगे अधिकारी

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे अधिकारी पूर्व संध्या पर गुरुवार को तब हांफने लगे जब गहमर स्टेडियम में तैयार हेलीपैड का रास्ता बारिश और लोडेड वाहनों के चलते धंस गया। फिर तो सवाल उठा कि अब कहां हेलीपैड बनाया जाए। आखिर में मुफीद जगह मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल गहमर इंटर कॉलेज से करीब दो किलो मीटर दूर राम-रहीम कॉलेज के मैदान में लगी। आनन-फानन में काम शुरू हुआ और रात गए तक वहां हेलीपैड बनकर तैयार हुआ। तब अधिकारियों ने सुकून की सांस ली। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर पूर्व घोषित कार्यक्रम से करीब 50 मिनट विलंब से शुक्रवार की सुबह 10.20 बजे गहमर के राम रहीम कॉलेज के मैदान में उतरा और 11.21 बजे बलिया के लिए उड़ा।

यह भी पढ़ें–अरे! बेचारे प्रिंसिपल साहब पिछड़ गए

 ‘आजकल समाचार’ की खबरों के लिए नोटिफिकेशन एलाऊ करें

[the_ad_group id="230"]

Related Articles

Back to top button