अज्ञात महिला की सिर कटी लाश मिली

गाजीपुर। मरदह थाने के भोजापुर गांव के सिवान में बुधवार की सुबह एक निजी नलकूप के पास झाड़ी में एक अज्ञात महिला का सिरकटा शव मिलने से सनसनी फैल गई।
महिला की उम्र करीब 30 साल थी। वह विवाहित थी। लाल रंग की प्लास्टिक का चप्पल, लाल रंग का दुपट्टा, लाल साड़ी एवं हरा ब्लाउज पहनी थी। हाथ में नई चूड़ियां थीं। सिर और धड़ अलग-अलग पड़े थे। सीओ कासिमाबाद विजय आनंद शाही ने रात आठ बजे बताया कि महिला की अब तक शिनाख्त नहीं पाई है। वह पहनावे से किसी गंवई सामान्य परिवार की लग रही थी।
शव की जानकारी सुबह लगी। एक युवक गांव के ही लल्लन सिंह के नलकूप तथा पोखरी की ओर गया। वहां उसकी नजर जमीन पर पड़े खून, महिला के चप्पल एवं टूटी चूड़ियां एवं दुपट्टा पर पड़ी। उसके बाद किसी बड़ी अनहोनी की आशंका पर काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। खोजबीन में नलकूप से लगभग 200 मीटर दूर बागीचे की झाड़ियों के बीच महिला का सिर एवं धड़ अलग-अलग थोड़ी दूरी पर पड़े मिले। सीन ऑफ क्राइम से लग रहा था कि नलकूप पर धारदार हथियार से हत्या के बाद विवाहिता का सिर और धड़ झाड़ी में फेंका गया। साथ ही हत्यारे एक से अधिक रहे होंगे। यह भी कि हत्यारों के चंगुल से निकलने की महिला भरसक कोशिश की होगी। हत्यारों तक पहुंचने के लिए जरूरी है कि पहले महिला की शिनाख्त हो। पुलिस हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए निकटवर्ती मोबाइल फोन टॉवर का डंप डाटा लेकर संदिग्ध नंबरों को भी खंगाल रही है। पूछताछ में नलकूप मालिक ने बताया कि रात के पहर वहां कोई नहीं रहता है।