[the_ad_group id="229"]
ब्रेकिंग न्यूजराजनीति

विधानसभा चुनाव में सुभासपा की बोहनी तक नहीं होगीः जगदंबिका पाल

गाजीपुर। भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने सपा-सुभासपा गठबंधन पर सीधा हमला करते हुए कहा कि इस गठबंधन के बूते सत्ता में आने का सपा मुखिया अखिलेश यादव का सपना मुंगेरी लाल के हसीन सपने की तरह है। उन्होंने दावे के साथ यह भी कहा कि सुभासपा की तो इस विधानसभा चुनाव में बोहनी तक नहीं होगी।

अपनी पार्टी के किसान मोर्चा की ओर से मंगलवार को जंगीपुर कृषिमंडी समिति परिसर में आयोजित किसान सम्मेलन में जगदंबिका पाल बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा की लोकप्रियता के आगे विरोधी दलों के गठबंधन बेमतलब हैं। 2017 में प्रदेश विधानसभा के चुनाव में सपा-कांग्रेस और 2019 के लोकसभा चुनाव में सपा-बसपा का गठबंधन इस बात के गवाह हैं। सभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर पर निशाना साधते हुए भाजपा सांसद ने कहा कि भाजपा को सत्ता से बेदखल करने के सवाल पर वह मुगालते में हैं। हकीकत यही है कि विधानसभा में जाने और मंत्री बनने का मौका तभी मिला जब वह भाजपा का साथ पकड़े लेकिन इस बार खुद विधायक-मंत्री बनना तो दूर उनकी पार्टी कोई और नेता विधायक तक नहीं बन पाएगा।

अपनी लंबी तकरीर में सवालिया लहजे में सपा को घेरते हुए जगदंबिका पाल कहे-रामकोला के किसानों पर गोलियां क्यों चलाई गईं। साल 2012 से 2017 तक प्रदेश में इटावा, मैनपुरी, कन्नौज, रामपुर, आजमगढ़ में 24 घंटे और शेष जिलों में बमुश्किल पांच घंटे ही बिजली क्यों मिलती रही। इन्हीं सवालों को जेहन में लेकर प्रदेश की जनता सपा को सत्ता से बेदखल की थी और सपा काल की बेईमानी, ज्यादतियों को जनता आज भी भूली नहीं है। जनता को यह भी पता है कि सपा मुखिया ने अपनी पूर्ववर्ती सरकार और अपने परिवार की राजनीति चमकाने के लिए लखनऊ से सैफई, इटावा, मैनपुरी और कन्नौज को जोड़ते हुए आगरा एक्सप्रेस वे का निर्माण करवाया। जनता यह नहीं भूलेगी कि आज गाजीपुर से लखनऊ की दुरी कम हुई है। प्रदेश के सभी जिलों को 20-22 से 24 घंटे तक बिजली मिल रही है। सरकारी योजनाओं का लाभ बगैर किसी भेदभाव के पात्रता के आधार पर सबको समान रूप से मिल रहा है और यह सब व्यवस्था बदलने से हुआ है।

उन्होंने कहा कि एक वक्त था जब गाजीपुर की पहचान प्रदेश तक नहीं थी लेकिन आज उसकी पहचान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मनोज सिन्हा के कार्यों से पूरे देश में हो गई है। उन्होंने भाजपा सरकार को किसान हितैषी बताते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह ने पति के मृत्यु के बाद जमीन के वरासत में पत्नी का नाम अनिवार्य रूप से दर्ज करना आवश्यक किया। फिर पूर्व मुख्यमंत्री राजनाथ सिंह की सरकार ने किसान क्रेडिट कार्ड बनवाया और वर्तमान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसानों के सभी कर्ज माफ किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों को सम्मान निधि दे रहे हैं।

सम्मेलन को प्रदेश के पिछडा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष प्रभुनाथ चौहान, एमएलसी विशाल स़िह चंचल, पूर्व मंत्री विजय कुमार मिश्र, भाजपा जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह, किसान मोर्चा के प्रदेश कोषाध्यक्ष डॉ. विजय यादव ने भी संबोधित किया। इस मौके पर मौजूद दो वयोवृद्ध किसानों के किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष रूद्र प्रताप सिंह एवं आमोद श्रीवास्तव ने मंच पर ही पांव पखारे। संचालन श्यामराज तिवारी ने किया।

इस अवसर पर प्रमुख लोगों में भाजपा की क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सरोज कुशवाहा, बृजेंद्र राय, राजन सिंह, रामनरेश कुशवाहा, ओमप्रकाश राय, प्रवीण सिंह, अवधेश राजभर, अच्छेलाल गुप्त, राजकुमार झंवर, शशिकांत शर्मा, बीके त्रिवेदी, कृष्णानंद राय, संकठा मिश्र, चतुर्भुज चौबे, कमलेश प्रकाश सिंह, हरेंद्र यादव, सुरेश बिंद, शैलेष राम, विश्वप्रकाश अकेला, हिमांशु सिंह, सत्यदेव यादव, बबलू सिंह, शैलेंद्र सिंह, शुभांशु मिश्र, पूनम मौर्य, किरन सिंह, रंजू शर्मा, पप्पू सिंह, त्रिलोकी कुशवाहा, दीपक सिंह, दुर्गेश सिंह, मन्नू सिंह, राधेश्याम शर्मा, धनंजय चौबे आदि उपस्थित थे।

यह भी पढ़ें–वाकई ! पूर्व मंत्री के लिए नहीं थी गर्मजोशी

आजकल समाचार’ की खबरों के लिए नोटिफिकेशन एलाऊ करें

[the_ad_group id="230"]

Related Articles

Back to top button