[the_ad_group id="229"]
ब्रेकिंग न्यूजराजनीति

सपाः जंगीपुर में बही ‘नई हवा’

गाजीपुर।…‘नई हवा है-नई सपा है’। समाजवादी पार्टी का यह स्लोगन गुरुवार को कम से कम जंगीपुर विधानसभा क्षेत्र में जरूर दिखा। मौका था प्रखर समाजवादी नेता स्व.जनेश्वर मिश्र की जयंती पर निकली साइकिल यात्रा का।

जंगीपुर विधानसभा क्षेत्र में अलग-अलग जगह से दो साइकिल यात्रा निकली। एक में ज्यादतर ‘उपकृत’ थे। दूसरी में ज्यादातर ‘संकल्पित’ थे। एक की अगुवाई पार्टी विधायक डॉ.बीरेंद्र यादव कर रहे थे। दूसरी के अगुवा युवा नेता अभिषेक यादव थे। डॉ.बीरेंद्र यादव ने यह यात्रा अपने जंगीपुर कार्यालय से शुरू की। यानी मात्र करीब दस किलोमीटर चल कर बिरनो थाना तिराहे पर पहुंच कर समाप्त कर दी। उधर अभिषेक यादव की यात्रा जंगीपुर विधानसभा क्षेत्र में एक तरह से हेड से टेल तक की रही। गंगा पार ढढ़नी से चली और मरदह पहुंच कर खत्म हुई। यानी करीब 45 किलोमीटर।

‘बुजुर्गों का हाथ-युवा का साथ’…सरकारी खुफिया रिपोर्ट की मानी जाए तो एक यात्रा में विधायकजी को चेहरा दिखाने की होड़ थी और दूसरी में न सिर्फ युवाओं की संख्या ज्यादा थी बल्कि उनमें सत्ता बदलने का जोश भी फफा रहा था। ना मालूम कि पंचायत चुनाव के वक्त आम कार्यकर्ताओं में विधायकजी को लेकर उपजी नाराजगी का वह नतीजा था कि ‘बाइस में बाइसिकल’ के लिए ‘अभिषेक’ का हुंकार था। अभिषेक यादव की यात्रा को बुजुर्गों का हाथ भी मिला। यात्रा के समापन स्थल पहुंचने पर तमाम बड़े-बजुर्ग नेताओं ने स्वागत किया। मरदह के पूर्व ब्लॉक प्रमुख विजय यादव की ओर से उनके कोल्ड स्टोर कैंपस में यात्रियों के लिए भोज-भात का वृहद इंतजाम था। वैसे जंगीपुर विधानसभा क्षेत्र के ही बंवाड़े गांव के रहने वाले अभिषेक यादव आम कार्यकर्ता से लगायत पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव तक अपनी पहचान को मोहताज नहीं हैं। इलाहाबाद विश्वविद्यालय की छात्र राजनीति में ही वह सपा का झंडा ऊंचा करने में कई बार पुलिस का डंडा खाए हैं। जेल गए हैं। पार्टी का झंडा-डंडा लेकर साइकिल से गाजीपुर से दिल्ली तक की यात्रा कर चुके हैं। बताते हैं कि डिंपल यादव का उन्हें बराबर आशीर्वाद मिलता रहता है। खुद अखिलेश यादव भी उनके घर आ चुके हैं।

…और सदर में भी था करेंट

पार्टी के प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर यह साइकिल यात्रा गाजीपुर के अन्य सभी विधानसभा क्षेत्रों में भी निकली। यात्रा के सफल संचालन के लिए प्रदेश नेतृत्व ने पूर्व एमएलसी ललन प्रसाद यादव को प्रभारी बनाकर भेजा था। सरकारी खुफिया रिपोर्ट की मानी जाए तो जिला मुख्यालय पर निकली सदर विधानसभा क्षेत्र की साइकिल यात्रा में शामिल लोगों में भी ‘करेंट’ कम न था। यात्रा की अगुवाई पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश कुशवाहा ने की। यात्रा में सदर विधानसभा इकाई अध्यक्ष तहसीन अहमद, जिला पंचायत सदस्य पांचू यादव, रामज्ञान यादव, अभिनव सिंह, हुकुम यादव, सदानंद कनौजिया, नितिल यादव, बचनू यादव आदि प्रमुख थे। उधर सैदपुर विधानसभा क्षेत्र में करमपुर स्टेडियम से पूर्व सांसद राधेमोहन सिंह की अगुवाई में निकली साइकिल यात्रा उचौरी, भीमापार, विक्रमपुर, डहराकला, शरीकपुर होते हुए तहसील मुख्यालय सैदपुर पहुंची। यात्रियों का जोश भी बनते दिख रहा था। सैदपुर विधायक सुभाष पासी तथा पूर्व एमएलसी डॉ.कैलाश यादव ने बिहारीगंज डगरा से साइकिल यात्रा निकाली जबकि जमानियां तहसील मुख्यालय पर पार्टी कार्यालय से जीवपुर तक पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सिंह की अगुवाई में साइकिल यात्रा निकली। उनका कारवां भी लंबा था। इसी तरह जखनियां, मुहम्मदाबाद, जहूराबाद विधानसभा क्षेत्र में भी साइकिल यात्रा निकाली गई।

हर जगह साइकिल यात्रा में जमकर सरकार विरोधी नारे लगे और समापन सभा में महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था, कृषि कानून, पार्टी सांसद आजम खान की गिरफ्तारी आदि मुद्दे को लेकर भाजपा सरकार पर खूब जुबानी बाण दागे गए।

यह भी पढ़ें–अन्न महोत्सव: इस अंदाज में

आजकल समाचार’ की खबरों के लिए नोटिफिकेशन एलाऊ करें

 

[the_ad_group id="230"]

Related Articles

Back to top button