[the_ad_group id="229"]
ब्रेकिंग न्यूजराजनीति

भाजपा राज में सामाजिक न्याय और धर्मनिरपेक्षता खतरे में: धर्मेंद्र यादव

गाजीपुर। सपा के पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव का कहना है कि भाजपा के राज में देश तथा प्रदेश की धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय का ताना-बाना पूरी तरह टूट चुका है। इस लिए अब जरूरी हो गया है कि इस सरकार को उखाड़ फेंका जाए।

मंगलवार को एक दिवसीय दौरे पर गाजीपुर आए धर्मेंद्र यादव बंशी बाजार स्थित रॉयल पैलेस में समाजवादी लोहिया वाहिनी की ओर से आयोजित डॉ. राम मनोहर लोहिया- जननायक कर्पूरी ठाकुर जनचेतना महासम्मेलन में बोल रहे थे। इस मौके पर उन्होंने प्रदेश की योगी सरकार पर तीखे हमले करते हुए कहा कि इस राज में अपराध पर अंकुश लगाने की जगह खुद पुलिस अपराधियों से मिल कर कुकृत्यों में लिप्त हो गई है। पुलिस हिरासत में मौत का सिलसिला लगातार जारी है। इस क्रम में उन्होंने  गोरखपुर में व्यवसायी मनीष गुप्त हत्याकांड और लखीमपुरखीरी की घटना का जिक्र किया।

सपा के पूर्व सांसद ने भाजपा की केंद्र सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि पिछड़ों के हक पर डाका डाला जा रहा है। सरकारी औद्योगिक इकाइयों, उपक्रमों को निजी हाथों में बेचा जा रहा है। इसके पीछे पिछड़ों, दलितों को नौकरी से वंचित करने की साजिश है। कृषि कानूनों के जरिये किसानों को भी बर्बाद करने की व्यवस्था कर दी गई है और यह सब कारपोरेट घरानों को खुश करने के लिए हुआ है। यहां तक कि सरकार किसानों की आय दोगुनी करने की अपनी बात भी भूल गई। बिजली, खाद-बीज, पेट्रोल-डीजल, तक महंगे कर दिए गए। उन्होंने अगले साल विधानसभा चुनाव में भाजपा की सरकार को हटाकर अपनी सरकार लाने का कार्यकर्ताओं का आह्वान किया।

महासम्मेलन को पार्टी के पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजपाल कश्यप तथा लोहिया वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामकरन निर्मल ने भी संबोधित किया। इस मौके पर डॉ. विनोद कुमार बिंद, विधायक द्वय सुभाष पासी तथा डॉ. विरेंद्र यादव, राधेमोहन सिंह, सिबगतुल्लाह अंसारी, विजय कुमार, राजेश कुशवाहा, सुदर्शन यादव, डॉ. नन्हकू यादव, जैकिशुन साहू, सुधीर यादव, कालीचरण राजभर, विजय यादव, काशीनाथ यादव, अभिषेक यादव, प्रवीण यादव, अरुण कुमार श्रीवस्तव, हुकूम यादव, गोपाल यादव, सत्येंद्र यादव सत्या, अजीत, रामबचन, दिनेश यादव, अशोक बिंद, कन्हैया लाल विश्वकर्मा आदि प्रमुख नेता उपस्थित थे। अध्यक्षता पूर्व सांसद जगदीश कुशवाहा तथा संचालन लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष अमित ठाकुर ने किया। अंत में लखीमपुर खीरी कांड में मारे गए किसानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

…और मंच पर भाजपा नेत्री

डॉ. राम मनोहर लोहिया- जननायक कर्पूरी ठाकुर जनचेतना महासम्मेलन में भाजयुमो की जिला सोशल मीडिया प्रभारी रैना मिश्रा भी दिखीं। बल्कि मंच पर पहुंच कर उन्होंने मुख्य अतिथि धर्मेंद्र यादव को बुके भी भेंट किया। उनकी मौजूदगी सपा कार्यकर्ताओं में चर्चा का विषय बनी रही। रैना मिश्रा वही हैं जो जिला पंचायत चुनाव में बिरनो की तृतीय सीट से चुनाव लड़ी थीं और मात्र 750 वोट पाकर 11वें स्थान पर थीं। बाद में भाजयुमो के एक तत्कालीन बड़े पदाधिकारी उन्हें भाजपा में लाए और उन्हीं की कृपा से उनको भाजयुमो की सोशल मीडिया का प्रभार भी मिल गया।

यह भी पढ़ें—डीएम ऑफिस के मुख्य गेट पर जम गए थे सपाई

‘आजकल समाचार’ की खबरों के लिए नोटिफिकेशन एलाऊ करें’

[the_ad_group id="230"]

Related Articles

Back to top button