आनंद विहार वालों के दिलों में भी शम्मी ने बना ली जगह !

गाजीपुर। जन सवालों को लेकर बराबर संघर्षरत रहने वाले शहर के प्रमुख समाजसेवी विवेक कुमार सिंह शम्मी ने बंशीबाजार स्थित आनंद विहार कॉलोनी वालों के दिलों में भी अपने लिए जगह बना ली।
कॉलोनी और उससे सटी बस्ती के लोग बदहाल रास्ते की सालों से दुश्वारियां झेल रहे हैं। इसके लिए नगर पालिका से गुहार लगाते-लगाते थक चुके हैं। सामान्य दिनों में तो जैसे-तैसे वह आते-जाते हैं लेकिन बरसात में तो कीचड़, पानी से ही उन्हें गुजरना पड़ता है। इस बरसात में तो उनकी और दुर्गति शुरू हो गई थी। यह मामला संज्ञान में आने के बाद विवेक सिंह शम्मी कॉलोनी में पहुंचे और खुद श्रमदान की पहल की। फिर क्या था। वहां का लगभग हर बाशिंदा श्रमदान को सहर्ष तैयार हो गया। बड़े, बुजुर्ग, महिलाएं तक। खुद शम्मी भी उनका साथ देने उतर पड़े। शम्मी के आग्रह पर एक अन्य समाजसेवी अखिलेश ने पांच ट्रैक्टर ट्राली ईंट का योगदान दिया और काम चलाऊ रास्ता तैयार हो गया।
इस मौके पर शम्मी ने नगर पालिका को भरहिक कोसा। बोले-नगर पालिका की उदासीनता का दंश पूरा शहर झेल रहा है। बरसात से पहले शहर के नाले, नालियों की सफाई तक की जरूरत नहीं समझी गई। नतीजा कई मुहल्लों, बस्तियों के घरों में बरसात का पानी घुसने लगा है। इस महामारी में भी सफाई को लेकर नगर पालिका उदासीन है। जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। उनका कहना था कि नगर पालिका में भ्रष्टाचार का बोलबाला है। अनियमितताओं के चलते टेंडर तक निरस्त हो जा रहे हैं।
श्रमदान में मुख्य रूप से बीरू बिंद, शेर अली राईनी , भानुदेवी, बरती देवी, राजमती देवी,साबिया बानो, मुन्नी बेगम, जोरा बेगम आदि थे।