[the_ad_group id="229"]
अपराधब्रेकिंग न्यूजराजनीति

सांसद अतुल राय की पत्नी प्रियंका सिंह ने दी चेतावनी कि…

गाजीपुर। भारतीय नारी के लिए पति ही उसका सबकुछ है। पति जीवन साथी है। पति भावनात्मक, भौतिकात्मक संरक्षक है। पति आत्मविश्वास, आत्मबल का स्रोत है। पति उसकी कोख से जन्मी संतानों का पालक होता है। संतानों का भाग्य नियंता होता है लेकिन इस पवित्र सहचर्य जीवन में पति का विछोह नारी के लिए एक बड़ी त्रासदी है और जब नारी को यह लगे कि यह विछोह इंसानी साजिश का हिस्सा है तो वह इसके कड़े प्रतिकार में रंचमात्र नहीं हिचकती।

यौन शोषण के एक कथित मामले में दो साल से नैनी जेल में कैद घोसी सांसद अतुल राय की गृहणी पत्नी प्रियंका सिंह सार्वजनिक रूप से दूसरी बार घूंघट से बाहर निकल कर अपने पति के समर्थन में आगे आई हैं। पहली बार पति के चुनाव अभियान में उनके निर्वाचन क्षेत्र में वह पहुंची थीं।

इस बार उनका वीडियो संदेश सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहा है। तीन मिनट 19 सेकेंड के इस वीडियो संदेश में वह अपना परिचय देते हुए रुंधे गले से बताती हैं कि लोकसभा चुनाव के लिए मतदान से ठीक 19 दिन पहले उनके पति पर राजनीतिक साजिश के तहत रेप का फर्जी केस दर्ज किया गया। केस दर्ज कराने वाली युवती का नाम लिए उस पर वह हमला बोलती हुए कहती हैं कि उस युवती को मऊ, गाजीपुर, बलिया, बनारस के लोग भलीभांति जानते हैं। वह राजनीतिक लोगों पर फर्जी मामले दर्ज करा कर उन्हें ब्लैकमेल करती रहती है लेकिन घोसी संसदीय क्षेत्र के लोगों ने उनके पति पर दर्ज कराए गए उसके फर्जी केस को खारिज करते हुए उन्हें सवा लाख वोटों से जीत दिलाई। उस युवती की ओर से दर्ज कराए गए फर्जी केस की जांच में एसपी, सीओ की जांच में उनके पति बेकसूर करार दिए गए हैं। बावजूद वह जेल में हैं जबकि उस युवती और उसके मित्र को जालसाजी के मामले में कोर्ट ने कार्रवाई का आदेश दिया है। यही नहीं वह दोनों मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री सहित पुलिस के उच्चाधिकारियों पर अपशब्द बोल रहे हैं। फिर भी उनके विरुद्ध अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

अपने संदेश के अंत में प्रियंका सिंह कातर स्वर में बताती हैं कि उनके जुड़वे बच्चे ढाई साल के हो चुके हैं लेकिन अभी तक उनको अपने पिता की गोद नसीब नहीं हुई है। कैंसरग्रस्त उनके ससुर अपने बेटे की राह देख रहे हैं। मुख्यमंत्री से वह आग्रह करती हैं कि उनके पति को न्याय और उस युवती को दंड दिलाएं। अपने संदेश के अंत में चेतावनी देती हैं कि उन्हें न्याय नहीं मिला तो वह अपने बच्चों संग जान देने को मजबूर होंगी। वीडियो के अंत में उनके दोनों जुड़वे बच्चे मुख्यमंत्री से अपने पिता के लिए न्याय दिलाने के संदेश वाली तख्ती लिए खड़े हैं।

यह भी पढ़ें–अरे! अफीम फैक्ट्री का जीएम गिरफ्तार

आजकल समाचार’ की खबरों के लिए नोटिफिकेशन एलाऊ करें

[the_ad_group id="230"]

Related Articles

Back to top button