भूमि विवाद को लेकर पड़ोसी ने अधेड़ को मारी गोली

गाजीपुर। भूमि विवाद में पड़ोसी ने अधेड़ मन्हई चौहान (50) को गोली मार दी। घटना भुड़कुड़ा कोतवाली के घटारो गांव में सोमवार की आधी रात हुई। इस सिलसिले में पड़ोसी द्वारिका यादव और तीन अज्ञात के विरुद्ध एफआईआर दर्ज हुई है। गोली से घायल मन्हई चौहान का इलाज बीएचयू ट्रामा सेंटर में चल रहा है। गोली उनकी नाक को बेधते हुए निकल गई थी।
मन्हई अपने घर के बाहर बरामदे में सोए थे। उसी बीच घरवालों को गोली चलने की आवाज सुनाई पड़ी। वह मौके पर पहुंचे। वहां कोई नहीं था। कन्हई का चेहरा खून से लथपथ था।
इस मामले में मन्हई की पत्नी संतरा देवी ने पड़ोसी द्वारिका यादव तथा तीन अज्ञात के विरुद्ध तहरीर दी। द्वारिका अपना पुराना मकान तोड़ कर नए का निर्माण करा रहे हैं। उसी के भूखंड को लेकर मन्हई से कुछ ही दिन पहले उनका विवाद हुआ था। बात पुलिस तक पहुंची थी। पुलिस ने दोनों पक्षों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की थी।
एसएचओ भुड़कुड़ा वैभव सिंह ने बताया कि नामजद अभियुक्त को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।