[the_ad_group id="229"]
ब्रेकिंग न्यूजराजनीतिशासन-प्रशासन

भांवरकोल में भाजपा का शानदार आगाज, दो दशक बाद अंसारी बंधुओं का पत्ता साफ

गाजीपुर। अपने ही गढ़ भांवरकोल से अंसारी बंधुओं का पत्ता साफ हो गया और भाजपा का शानदार आगाज हुआ। दो दशक बाद भांवरकोल ब्लॉक प्रमुख का पद भाजपा के कब्जे में आया। विधायक अलका राय की बहू श्रद्धा राय पत्नी आनंद राय मुन्ना निर्विरोध ब्लॉक प्रमुख चुने जाने की हैसियत में आ गईं। उधर मुहम्मदाबाद विधानसभा क्षेत्र के ही रेवतीपुर ब्लॉक में भी भाजपा के अजिताभ राय राहुल की निर्विरोध निर्वाचित होने की गुंजाइश बन गई है।

भांवरकोल ब्लॉक प्रमुख पद पर साल 2000 से अंसारी बंधुओं का कब्जा बना हुआ था लेकिन इस बार उनके लिए हालात इतना भी मौका नहीं दिए कि भाजपा की निर्विरोध जीत को वह रोक पाएं। हालांकि पिछले चुनाव में ही भांवरकोल में अंसारी बंधुओं की नैया डगमगाई थी लेकिन खेवनहार बनकर सांसद अतुल राय आगे  आकर उसे संभाल लिए थे और अंजू यादव ब्लॉक प्रमुख निर्वाचित हुई थीं। इस बार भी अंजू यादव बीडीसी सदस्य तो निर्वाचित हुईं लेकिन हालात भांप कर प्रमुख के चुनाव में ‘कुर्बानी’ देने का साहस जुटा नहीं पाईं।

मरदह में सर्वाधिक छह नामांकन

जहां भांवरकोल और रेवतीपुर ब्लॉक प्रमुख पद के लिए निर्विरोध चुनाव की गुंजाइश बन गई है। वहीं गाजीपुर के शेष 14 ब्लॉकों में मुकाबले के आसार हैं। सर्वाधिक छह नामांकन मरदह ब्लॉक में हुआ। उनमें सपा प्रत्याशी पूर्व प्रमुख विजय सिंह यादव तथा भाजपा प्रत्याशी सीता सिंह के अलावा प्रांशु सिंह, हरिश्चंद्र चौहान, कन्हैया सिंह यादव तथा इंदल सिंह का नामांकन शामिल है। इधर सदर ब्लॉक में भाजपा की ममता यादव और मोहरी देवी प्रजापति ने पर्चा भरा। करंडा में सपा के आशीष यादव तथा उनकी पूर्व प्रमुख मां रजावती देवी और भाजपा की शीला यादव ने नामांकन किया। जमानियां में सपा की मनीषा कुशवाहा और पूजा तिवारी ने नामजदगी की। मुहम्मदाबाद में भाजपा प्रत्याशी अवधेश राय तथा उत्सव राय अप्पू ने पर्चा भरा। भदौरा में भाजपा की रीना सिंह एवं नरगिस खां का पर्चा जमा हुआ। मनिहारी में भाजपा के मुन्नीलाल राम तथा सपा के नंदलाल के अलावा सुधाकर राम सुदामा व अजय कुमार ने नामांकन किया। जांच में सुधाकर राम सुदामा का पर्चा अवैध हो गया। देवकली में पूर्व प्रमुख माधुरी यादव पत्नी सच्चेलाल यादव तथा उन्हीं की बहू आशा यादव पत्नी महेंद्र का नामांकन हुआ। सैदपुर में हीरा सिंह यादव, वीरेंद्र यादव तथा कभी पूर्वांचल में सपा के स्तंभ रहे स्व. रामकरन दादा के पौत्र आशीष यादव राहुल ने अपनी उम्मीदवारी ठोकी। जखनियां में भाजपा की इंदू देवी, सपा की मीरा देवी और मुन्नी देवी ने नामांकन किया। इसी तरह सादात में भाजपा की पूर्व प्रमुख कवली देवी के अलावा उषा सोनकर व लल्लन राम की पत्नी ने पर्चा भरा जबकि कासिमाबाद में भाजपा प्रत्याशी मनोज गुप्त व सपा के जैहिंद यादव का नामांक हुआ। बिरनो में भाजपा के राजन सिंह तथा सपा के जीतेश यादव और बाराचवर ब्लॉक प्रमुख पद के लिए कुल चार नामांकन हुए हैं। उनमें भाजपा के विजेंद्र सिंह, शिवशंकर सिंह, पूनम तथा देवेंद्र सिंह शामिल हैं।

थे सुरक्षा के व्यापक इंतजाम

ब्लॉक मुख्यालयों पर गुरुवार को प्रमुख पद के लिए नामांकन के दौरान काफी गहमागहमी रही। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के भी व्यापक इंतजाम किए गए थे। नामांकन का काम सुबह 11 बजे से शाम तीन बजे तक हुआ। उसके बाद नामांकन पत्रों की जांच की कार्यवाही पूरी हुई। नाम वापसी का काम नौ जुलाई की सुबह 11 से शाम तीन बजे तक होगा और दस जुलाई की सुबह 11 से शाम तीन बजे तक मतदान का समय निश्चित है। उसके बाद मतगणना कर परिणाम घोषित कर दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें—पूर्व मंत्री के ‘बंदे’ का एलानिया कबूलनामा

आजकल समाचार’ की खबरों के लिए नोटिफिकेशन एलाऊ करें

[the_ad_group id="230"]

Related Articles

Back to top button