जंगीपुरः योगेश सिंह भी हैं भाजपा के कैंडिडेट इन वेटिंग !

गाजीपुर। जंगीपुर विधानसभा सीट के लिए भाजपा के टिकटार्थियों की कतार में युवा नेता योगेश सिंह भी लिखित रूप से शामिल हो गए। शुक्रवार को पार्टी जिला कार्यालय में पहुंचे पार्टी के प्रदेश महामंत्री सांसद सुब्रत पाठक को उन्होंने अपना आवेदन पत्र सौंपा।
मूलतः जंगीपुर विधानसभा क्षेत्र के ही शहीद गांव भैरोपुर के रहने वाले योगेश सिंह न क्षेत्र और न पार्टी में ही परिचय के मोहताज हैं। आवेदन लेने से पहले योगेश सिंह को देख सुब्रत पाठक ने छुटते ही कहा-अरे योगेशजी! आपको अपनी पार्टी में बायोडाटा देने की आवश्यकता नहीं है। स्पष्टतः श्री पाठक का आशय यही था कि योगेश सिंह के योगदान, सेवा से पार्टी नेतृत्व पहले से भिज्ञ है।
योगेश सिंह बाल्याकाल में ही राष्ट्रीय स्वंय सेवक संघ से जुड़ गए थे। फिर विद्यार्थी परिषद से जुड़े। उनकी लगन, परिश्रम को देखते हुए सन् 1998 में उन्हें विद्यार्थी परिषद के सह नगर मंत्री की जिम्मेदारी दी गई। दो साल बाद ही वह नगर मंत्री बन गए। फिर 2002 में सह जिला प्रमुख और 2003 में जिला प्रमुख बने। उसके बाद उच्च शिक्षा के लिए प्रयागराज पहुंचने के बाद भी वह 2004 में विद्यार्थी परिषद की प्रयागराज महानगर इकाई के सह मंत्री की जिम्मेदारी संभाले। 2006 में प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य और एक साल बाद उनको काशी प्रांत के विभाग प्रमुख का दायित्व सौंपा गया। उसके बाद भाजयुमो से जुड़े। 2008 में वह जिला उपाध्यक्ष बने और 2010 में जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली। 2013 में संघटन ने पदोन्नति देते हुए प्रदेश मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी। वर्तमान में योगेश सिंह भाजपा के काशी क्षेत्र के राष्ट्रीय कार्यक्रम एवं बैठक के सह संयोजक हैं।
वैसे तो योगेश सिंह जंगीपुर विधानसभा क्षेत्र में कई सालों से सक्रिय हैं और हर तीज-त्योहार की शुभकामना के अलावा भाजपा के प्रमुख नेताओं के आगमन पर स्वागत में क्षेत्र में उनके पोस्टर, होर्डिंग दिख जाते हैं। भाजपा में कई ऐसे राष्ट्रीय, प्रांतीय नेता योगेश सिंह को व्यक्तिगत रूप से पहचानते और संपर्क में रहते हैं।