रक्षा मंत्री अपने दत्तक पुत्र की शादी में 27 को सैदपुर आएंगे, डॉ.महेंद्र पांडेय भी रहेंगे साथ

गाजीपुर। संबंधों के निर्वहन में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का भी कोई जवाब नहीं है। साल 2000-2001 के बीच मुख्यमंत्री रहते उन्होंने सैदपुर नगर के वार्ड 11 मदारीपुर की अनुसूचित जाति की सुशीला देवी के होनहार बेटे बृजेंद्र कुमार को बेहतर भविष्य बनाने के लिए गोद लिए थे।
राजनाथ सिंह ने बृजेंद्र की पढ़ाई की हर जरूरत पूरी की। बृजेंद्र आज कुशल चिकित्सक हैं और अयोध्या के जिला अस्पताल में सेवारत हैं। उनकी शादी इसी 27 फरवरी को होनी है। इसका निमंत्रण पत्र लेकर सुशीला देवी राजनाथ सिंह से मिलीं। राजनाथ सिंह शादी में आने को सहर्ष तैयार हो गए।
भाजपा के पूर्व प्रदेश मंत्री रामतेज पांडेय व पूर्व जिला महामंत्री राघवेंद्र सिंह ने बताया कि रक्षा मंत्री बाबतपुर एयरपोर्ट से चलकर शाम सवा दो बजे सैदपुर डाक बंगला में पहुंचेंगे। फिर ढाई बजे सुशीला देवी के घर जाएंगे। उसके बाद तीन बजे बाबतपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना हो जाएंगे। उनके साथ केंद्रीय कौशल विकास मंत्री डॉ.महेंद्रनाथ पांडेय भी आएंगे।